जबलपुर में शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का झांसा, दंपती पर लाखों की ठगी का आरोप
10 से 15 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर ठगी, 30 लोग पहुंचे तो खुला धोखाधड़ी का मामला
जबलपुर। शेयर मार्केट में निवेश कर हर महीने 10 से 15 प्रतिशत मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक बुटिक संचालिका और उसके रिश्तेदारों से लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि सदर कैंट निवासी रश्मि कौर और उसके पति मनवीर सिंह पाल ने शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाकर वंदना अग्रवाल से किस्तों में लाखों रुपये, सोने के कंगन और ऑनलाइन रकम हासिल की। शुरुआत में आरोपियों ने निवेश पर 15 से 20 प्रतिशत तक मुनाफा होने का दावा कर वंदना का विश्वास जीता और पांच प्रतिशत मासिक लाभ देने का भरोसा दिलाया। भरोसे में आकर वंदना ने खुद की जमा पूंजी के साथ रिश्तेदारों से उधार लेकर भी आरोपियों को रकम दी। शिकायत के मुताबिक, उन्होंने लाखों रुपये नकद और ऑनलाइन ट्रांसफर किए, साथ ही करीब पांच तोले सोने के कंगन भी सौंपे। जब वंदना और उनके रिश्तेदारों ने मूलधन व मुनाफे की रकम वापस मांगी तो आरोपी शेयर बाजार में उछाल आने का हवाला देकर उन्हें टालते रहे। 17 नवंबर को जब वंदना रकम लेने रश्मि के घर पहुंचीं तो वहां पहले से 25 से 30 लोग मौजूद मिले, जो अपने रुपये और कीमती सामान वापस लेने आए थे। इसी दौरान उन्हें पता चला कि रश्मि और मनवीर सिंह पाल सभी की रकम लेकर फरार हो गए हैं। इसके बाद वंदना ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच और बयान के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
बाइट सोनू महिला
बाइट प्रहलाद सिंह
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



