जिलाधिकारी ने की 50 लाख रुपए से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा,
डीएम ने सख्त तेवर कहा निर्माण परियोजना समय से पूरा करें या कार्रवाई के लिए रहे तैयार ।

जिला संवाददाता, विनय मिश्र, देवरिया।
देवरिया18 जून जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आज विकास भवन स्थित गांधी सभागार में 50 लाख रुपए से अधिक के निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीएम ने विभिन्न परियोजनाओं के निर्माण में विलंब होने पर गहरी नाराजगी जताई एवं अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि निर्माण परियोजनाओं से संबंधित सभी अधिकारी अंतर विभागीय समन्वय स्थापित करते हुए निर्माण कार्यों को समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराएं। परियोजना यदि किसी अधिकारी की लापरवाही के चलते रुकी तो उत्तरदायित्व तय करते हुए शासन को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जाएगा। कार्यदायी संस्था के इंजीनियर नियमित अंतराल पर साइट विजिट करें। वर्तमान समय में जनपद में 50 लाख रुपए से अधिक लागत की 103 परियोजनाएं संचालित हैं।
कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम द्वारा पुलिस लाइन में 150 पुरुष हेतु बैरक का निर्माण 7.61 करोड रुपए की लागत से किया जा रहा है, जिसका 86% कार्य पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी ने तीन माह के भीतर परियोजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया। निर्माणाधीन रुद्रपुर आईटीआई में सात दिन के भीतर विद्युत कनेक्शन करने के लिए विद्युत विभाग को निर्देशित किया। सलेमपुर तहसील में अग्निशमन केंद्र का निर्माण 70 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। धमउर में निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण सितंबर तक पूर्ण करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने पथरदेवा स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज में पांच लेक्चर हॉल एवं एक कॉमन हॉल, 100 बेडेड हॉस्टल तथा बैडमिंटन कोर्ट निर्माण की भी समीक्षा की। जिलाधिकारी ने वक्फ विकास निगम द्वारा पथरदेवा में निर्माणाधीन आईटीआई, बरवामीर छापर में निर्माणाधीन आईटीआई, बरहज में निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का छात्रावास सहित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में सीडीओ प्रत्यूष पांडेय, सीएमओ डॉ राजेश झा, डीएफओ जगदीश आर, जिला विकास अधिकारी रविशंकर राय, सीवीओ डॉ अरविंद वैश्य, ईओ अंकिता शुक्ला सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।



