अभाविप ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री को सौंपा ज्ञापन, महिलाओं की समस्याओं के समाधान की मांग

ABVP hands over memorandum to Union Minister for Women and Child Development, demanding solution of women's problems

नई दिल्ली, 2 जुलाई: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप ) के राष्ट्रीय महामंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल के नेतृत्व में विद्यार्थी परिषद के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी को ज्ञापन सौंपा। इसमें महिलाओं के लिए प्रौद्योगिकी कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ाने, शैक्षणिक संस्थानों में महिला विकास केंद्र खोलने, स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति, सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन उपलब्ध कराने, महिला एवं बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम हेतु उपाय, कामकाजी महिलाओं हेतु शहरों में हॉस्टल का निर्माण, पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं पर अत्याचार और चुनाव नतीजों के बाद महिलाओं के साथ हिंसक घटनाओं को अंजाम देने वालों पर कठोरतम कार्रवाई की मांग की गई। शुक्ल ने कहा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, महिलाओं से संबंधी विषयों को प्रखरता से उठाने का कार्य कर रही है। महिला शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, सम्मान और रोजगार जैसे प्रमुख विषयों पर जनजागरण एवं मिशन साहसी और ऋतुमति अभियान जैसे प्रयासों के माध्यम से अभाविप देशभर में नारी सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है। ज्ञापन में प्रौद्योगिकी कौशल विकास एवं स्वरोजगार, मानसिक स्वास्थ्य देखभाल, महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट के निर्माण, निर्भया फंड में बढ़ोतरी, साइबर क्राइम रोकथाम, बालगृह क्षमता में सुधार, नशा मुक्ति केंद्रों की स्थापना एवं नशा मुक्ति हेतु प्रयास, लव जिहाद मामलों का रोकथाम, पश्चिम बंगाल में महिलाओं संबंधी हिंसा पर लगाम लगाने जैसे प्रमुख विषयों को सम्मिलित किया गया है। इन विषयों पर शीघ्र कदम उठाए जाने की मांग की गई है।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा कि देश में महिलाओं की बेहतर स्थिति ही देश की उन्नत व्यवस्था की परिचायक होती है। आज पश्चिम बंगाल जैसे राज्य में चुनावों में बाद महिला उत्पीड़न के कई प्रकरण सामने आ रहे हैं, यह चिंताजनक है। इस विषय को गंभीरता से लेते हुए सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। ज्ञापन में महिला संबंधी प्रमुख समस्याओं को इंगित कर उन पर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की राष्ट्रीय मंत्री कुमारी शिवांगी खरवाल ने कहा कि अभाविप के प्रतिनिधिमंडल द्वारा महिलाओं की विभिन्न समस्याओं पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री को ज्ञापन सौंप कर उन पर प्रमुखता से कार्य करने की मांग की गई है।

Related Articles

Back to top button