बीमा भारती ने किया जेडीयू के साथ विश्वासघात : सुनील कुमार

Bima Bharti betrayed JDU: Sunil Kumar

पटना, 10 जुलाई: बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने राज्य में शिक्षकों की कमी, फर्जी प्रमाण पत्र वाले शिक्षकों को हटाने और रुपौली उपचुनाव में जनता दल यूनाइटेड की जीत की बात कही। उन्होंने इस बात को भी दोहराया कि जनता दल यूनाइटेड पूरी मजबूती से एनडीए के साथ है।

 

उन्होंने कहा कि राज्य के विश्वविद्यालय में शिक्षकों की कमी है। अभी यूनिवर्सिटी सर्विस कमीशन से बहाली हो रही है। अभी असिस्टेंट प्रोफेसर के 800 पद को इंटरव्यू के बाद भरा गया है। धीरे-धीरे सभी पदों को भरा जाएगा। बिहार में बीपीएससी चयनित शिक्षकों को हटाए जाने पर कहा कि औपबंधिक नियुक्ति हुई थी। कई जिलों से ऐसे शिक्षक हटाए गए, जिनका प्रमाण पत्र फर्जी है। जैसे-जैसे फर्जी प्रमाण पत्रों की जानकारी सामने आ रही है, कार्रवाई हो रही है।

 

इसके अलावा शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार आरक्षण नीति और शिक्षक बहाली के मामले में सुप्रीम कोर्ट गई है। उन्होंने रुपौली उपचुनाव में राजद प्रत्याशी बीमा भारती की जीत के दावे को लेकर कहा कि रुपौली में मैं भी कैंपेन के दौरान था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विकास और समाज सुधार का बहुत काम किया है। चाहे पानी की समस्या हो, सड़क की समस्या हो, बिजली की समस्या हो, इन सभी समस्याओं का सुधार केवल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कारण ही हुआ है।

 

शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बीमा भारती पर पार्टी के साथ विश्वासघात का आरोप लगाते हुए कहा कि इन चीजों को जनता भी देख और समझ रही है। 13 जुलाई को जब रूपौली विधानसभा उपचुनाव की काउंटिंग होगी तो जीत जनता दल यूनाइटेड की होगी।

 

उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू यादव के ‘अगस्त में एनडीए की सरकार गिर जाएगी’ के बयान पर कहा कि राजनीति में तरह-तरह के कयास लगाए जाते हैं। लेकिन, हमारी समझ से एनडीए की सरकार केंद्र में पूरी मजबूती के साथ है ।

Related Articles

Back to top button