सड़क बाधित कर न करें कोई धार्मिक आयोजन
शब-ए-बरात, संत रविदास जयंती एवं महाशिवरात्रि को लेकर कोतवाली में हुई शांति समिति की बैठक

रिपोर्ट अशरफ संजरी
भदोही। शब-ए-बारात, संत रविदास जयंती एवं महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण संपन्न कराए जाने के दृष्टिगत मंगलवार को कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। जिसमें सभी से आपसी भाईचारा के बीच अपने-अपने पर्व को मनाने की अपील की गई।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार त्रिपाठी ने मौजूद लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना व उनसे सुझाव भी मांगे गए। उन्होंने सभी से त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाए जाने की अपील की। कहा कि बिना अनुमति के किसी भी प्रकार की शोभायात्रा या धार्मिक जुलूस नहीं निकाला जाएगा। साथ ही सड़क बाधित कर कोई धार्मिक आयोजन न करने की हिदायत दी गई। कोतवाल ने कहा कि सरकार द्वारा जारी किए गए गाइडलाइन का पालन करते हुए सभी लोग आपस में मिलजुल कर आपसी सौहार्द व भाईचारे के साथ अपना-अपना त्योहार मनाएं। असामाजिक व अराजकता फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी व्यक्ति के संज्ञान में ऐसा कोई मामला आता है तो तुरंत पुलिस को अवगत कराएं। जिससे कि कोई अप्रिय घटना घटित न होने पाए। उन्होंने कहा कि
सोशल मीडिया पर सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। जो भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट, भ्रामक व अफवाह पोस्ट करेगा। उसके विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर दिलीप गुप्ता, मो.दानिश सिद्दिकी, जमील अंसारी, हसीब खां, अजय दुबे, इसरार अहमद, अशरफ अली, शहाबुद्दीन खां, सुभाषचंद्र मौर्य, गुड्डू खालसा आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहें।



