Azamgarh news:थाने में नेतागिरी निकालने की धमकी रात भर रखा गया हवालात में ,भाजपा नेता ने लगाया गंभीर आरोप
The village head accused two policemen of Atraulia police station of harassment.

आजमगढ़ 23 अक्टूबर: जिले के अतरौलिया थाने में तैनात उपनिरीक्षक विनय यादव और वरिष्ठ उपनिरीक्षक पवन कुमार सिंह पर ग्राम पंचायत मठिया जप्ती माफी के ग्राम प्रधान और भाजपा पिछड़ा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष इन्द्रेश निषाद ने गंभीर आरोप लगाए हैं।निषाद ने पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) आजमगढ़ को पत्र भेजकर शिकायत की है कि 20 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे दोनों अधिकारियों ने उन्हें बिना किसी कारण थाने बुलाया, हवालात में रातभर बंद रखा और गाली-गलौज व धमकियों के साथ प्रताड़ित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान अधिकारियों ने उनकी “नेतागिरी निकालने” जैसी बातें भी कहीं।ग्राम प्रधान का कहना है कि उनके खिलाफ न कोई प्राथमिकी थी और न ही कोई शिकायत पत्र, फिर भी उन्हें हिरासत में रखा गया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने पानी मांगा तो उन्हें अपशब्द कहे गए। सुबह जब भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंचे और गिरफ्तारी का कारण पूछा, तो थानाध्यक्ष और संबंधित अधिकारियों ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।इन्द्रेश निषाद ने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा है कि दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि उन्हें न्याय मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रकरण को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री और राज्यपाल को भी प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।



