Azamgarh news:आर्थिक तंगी से परेशान किसान ने पेड़ पर लगाई फांसी
Troubled by financial crisis, farmer hanged himself from a tree

जहानागंज/आजमगढ़।थाना जहानागंज क्षेत्र के कारी साथ गांव निवासी घनश्याम यादव (52 वर्ष) पुत्र शंभूनाथ यादव ने शुक्रवार की सुबह आर्थिक तंगी से परेशान होकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार घनश्याम यादव सुबह लगभग 6 बजे अपने खेत को देखने सिवान गए थे। बताया जा रहा है कि बारिश न होने और मोटर जल जाने के कारण धान की फसल की सिंचाई नहीं हो पा रही थी, जिससे वे काफी चिंतित चल रहे थे।इसी बीच उन्होंने कोल्हूखोर गांव के सिवान में स्थित एक पाकड़ के पेड़ पर चढ़कर फांसी लगा ली। जब कोल्हूखोर गांव का एक व्यक्ति सिवान से गुजरा तो उसने पेड़ से लटकता शव देखा और गांव में सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई।सूचना पाकर थाना जहानागंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मृतक के बड़े भाई रमाकांत यादव ने बताया कि घनश्याम यादव आर्थिक रूप से काफी परेशान रहता था। उसकी पत्नी प्रमिला यादव आशा बहू के रूप में कार्य करती हैं, उसी की आय से घर का खर्च किसी तरह चलता था। घनश्याम यादव की पांच पुत्रियाँ हैं, जिनकी जिम्मेदारी के कारण वह मानसिक तनाव में रहता था।पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में घटना से मातम का माहौल है।



