Azamgarh News: 37 वर्षीय राजगीर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, क्षेत्र में बना चर्चा का विषय

अहरौला।
अहरौला बाजार में एक निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहे 37 वर्षीय राजगीर की बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई । मौत ठंड से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
मृतक की पहचान अंगद कुमार (37) निवासी चक्तगे , ब्लॉक सठीयाव थाना मुबारकपुर के रूप में हुई है। महीनों से अहरौला बाजार में चल रहे अभिषेक जायसवाल उर्फ मिंटू के मकान के निर्माण कार्य में ठेके के अंतर्गत राजगीर के रूप में परसो से ही मृतक अंगद काम करने आया था और कल उसका यहां काम करते हुवे पहला ही दिन था ।
जानकारी के अनुसार, अंगद कुमार जिस ठेकेदार बृजेश तिवारी के माध्यम से काम कर रहा था, वह बिना किसी पंजीकरण के ठेकेदारी का कार्य करा रहा था। सोमवार की सुबह करीब 5:30 बजे जब ठेकेदार अंगद कुमार को जगाने पहुंचा तो वह नहीं उठा। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर ठेकेदार को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उसने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। प्राथमिक कार्रवाई के बाद एंबुलेंस द्वारा अंगद कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण अत्यधिक ठंड लगना प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
परिजनों ने बताया की अंगद कुमार परसों शाम काम के लिए घर से अहरौला आया था। उसने शाम करीब 5 बजे अपने परिजनों से बातचीत कर बताया था कि काम देर तक चलेगा और वह अगले दिन घर लौटेगा, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि यह उसकी अंतिम बातचीत होगी।
मृतक अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है। वह राजगीर का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
इस संबंध में थाना प्रभारी अहरौला रविंद्र पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ठंड से मौत का प्रतीत हो रहा है, जिसकी पुष्टि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने भी की है। लेकिन अभी कुछ कह पाना संभव नहीं है इसका पता अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। वैसे अभी तक परिजनों के द्वारा किसी के नाम से कोई तहरीर प्राप्त नही हुई है ।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हर पहलू पर गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।



