Azamgarh News: आजमगढ़ में एंटी करप्शन की बड़ी कार्रवाई, 20 हजार की रिश्वत लेते दरोगा गिरफ्तार

आजमगढ़ बलरामपुर,पटवध से बबलू राय:
आजमगढ़ में एंटी करप्शन की बड़ी कार्रवाई, 20 हजार की रिश्वत लेते दरोगा गिरफ्तार
आजमगढ़ जनपद स्थित जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सरायमीर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, बिलरियागंज थाना क्षेत्र के गागेपुर गांव निवासी अवनीश राय ने एंटी करप्शन यूनिट को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि सब इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह एक मुकदमे से नाम हटाने के बदले एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे। पीड़ित के अनुसार, दरोगा लगातार इस रकम को लेकर दबाव बना रहे थे, जिससे परेशान होकर उसने एंटी करप्शन टीम से संपर्क किया।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन यूनिट ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। टीम ने पीड़ित को केमिकल लगे नोट उपलब्ध कराए और तय योजना के तहत उसे दरोगा को पैसे देने भेजा गया। जैसे ही सब इंस्पेक्टर ने नोट हाथ में लिए, पहले से घात लगाए बैठी टीम ने तत्काल उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी दरोगा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि जिले के बाहरी थाना क्षेत्रों में तैनात कई पुलिसकर्मियों पर पूर्व में भी रिश्वतखोरी के आरोप लगते रहे हैं। इन शिकायतों की जानकारी लगातार उच्चाधिकारियों तक पहुंच रही थी। मुख्यालय स्तर से सख्त निर्देश जारी होने के बावजूद कुछ पुलिसकर्मी अवैध वसूली और अन्य आर्थिक अपराधों में संलिप्त पाए जा रहे हैं।
इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक कड़ा संदेश माना जा रहा है, जिससे आम जनता में न्याय व्यवस्था के प्रति भरोसा बढ़ने की उम्मीद है।



