Azamgarh news :बढ़ते तापमान के दृष्टिगत आम नागरिकों हेतु स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी, हीट वेव से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार

बढ़ते तापमान के दृष्टिगत आम नागरिकों हेतु स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी, हीट वेव से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

जनपद में बढ़ते तापमान एवं संभावित लू (हीट वेव) की स्थिति को ध्यान में रखते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा द्वारा आम नागरिकों के लिए विस्तृत स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी की गई है।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जनपद के समस्त चिकित्सा संस्थानों—मेडिकल कॉलेज, मंडलीय/जिला चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय एवं सभी 100 शैय्या चिकित्सालयों सहित समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पर हीट वेव से बचाव हेतु “कूल वार्ड” स्थापित कर दिए गए हैं। इन वार्डों में आवश्यक दवाओं, पेयजल, शीतलन व्यवस्था एवं अन्य जरूरी संसाधनों की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को तेज गर्मी, लू या अस्वस्थता से संबंधित कोई भी लक्षण महसूस हों, तो वह बिना विलंब अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करे, जहां तत्काल उपचार की व्यवस्था उपलब्ध है।

अफवाहों से बचें, सावधानियां अपनाएं

मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित हो रही कई सूचनाएं भ्रामक एवं अतिरंजित हैं, जिन पर विश्वास करने से बचना चाहिए। आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रांति पर ध्यान न दें, बल्कि केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें।

क्या करें –

दिन में बार-बार पानी, ओआरएस, छाछ, लस्सी एवं नींबू पानी का सेवन करें।

प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें।

हल्के रंग के, ढीले एवं सूती वस्त्र पहनें तथा सिर को कपड़े/टोपी से ढककर रखें।

धूप में निकलते समय छाता या गमछा का प्रयोग करें।

बच्चों, बुजुर्गों एवं गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखें।

घर को ठंडा रखने के लिए उचित वेंटिलेशन (हवा का आवागमन) बनाए रखें।

बाहर से आने पर तुरंत ठंडा पानी न पीकर सामान्य तापमान का पानी लें।

लू के लक्षण दिखने पर तुरंत छायादार स्थान पर आराम करें और चिकित्सक से संपर्क करें।

क्या न करें –

तेज धूप में अनावश्यक बाहर न निकलें, विशेषकर दोपहर के समय।

खाली पेट या बिना पानी पिए बाहर न जाएं।

अत्यधिक भारी, तैलीय एवं मसालेदार भोजन से बचें।

शराब, कैफीन युक्त पेय एवं बहुत ठंडे पेय पदार्थों का अत्यधिक सेवन न करें।

बंद वाहन में बच्चों या पालतू जानवरों को अकेला न छोड़ें।

अत्यधिक परिश्रम या धूप में लंबी अवधि तक कार्य न करें।

सोशल मीडिया पर फैली अपुष्ट/भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें।

स्वास्थ्य विभाग पूर्णतः सतर्क

मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि संभावित हीट वेव की स्थिति से निपटने हेतु स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है तथा सभी चिकित्सा इकाइयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

अंत में उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे सतर्क रहें, सावधानियां अपनाएं एवं किसी भी आपात स्थिति में निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से तत्काल संपर्क करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button