Azamgarh News: भाजपा की जीत पर आजमगढ़ में उमड़ा देशभक्ति का ज्वार, पूजा सिंह के नेतृत्व में भव्य विजय उत्सव

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
भाजपा की जीत पर आजमगढ़ में उमड़ा देशभक्ति का ज्वार, पूजा सिंह के नेतृत्व में भव्य विजय उत्सव
आजमगढ़ शहर के पुरानी कोतवाली क्षेत्र में पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की शानदार बढ़त और जीत की खबर मिलते ही उत्साह और देशभक्ति का माहौल बन गया। पुरानी कोतवाली पर राष्ट्रीय सनातन सेना भारत, आजमगढ़ इकाई द्वारा भव्य विजय उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान शंखनाद, ढोल-नगाड़ों और “जय श्रीराम”, “वंदे मातरम्” व “भारत माता की जय” के नारों से पूरा कस्बा गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और इसे राष्ट्रवाद, विकास और सांस्कृतिक अस्मिता की जीत बताया।
इस पूरे आयोजन में प्रदेश अध्यक्ष पूजा सिंह की विशेष भूमिका देखने को मिली। उनके नेतृत्व और सक्रिय पहल के कारण कार्यक्रम बेहद व्यवस्थित, ऊर्जावान और प्रभावशाली रहा। आजमगढ़ में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और राष्ट्रवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में उनका योगदान उल्लेखनीय बताया गया।
अपने संबोधन में पूजा सिंह ने कहा, “पश्चिम बंगाल की जनता ने यह साबित कर दिया है कि देश अब तुष्टिकरण की राजनीति से आगे बढ़कर विकास, सुरक्षा और सनातन मूल्यों को अपनाना चाहता है। यह जीत उन लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का परिणाम है, जो बिना थके राष्ट्रसेवा में लगे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि आजमगढ़ से लेकर बंगाल तक राष्ट्रभक्ति की जो लहर उठी है, वह आने वाले समय में देश को और अधिक सशक्त बनाएगी। उनके आह्वान पर सभी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में भारत माता की आरती कर देश की एकता, अखंडता और समृद्धि की कामना की गई। इस अवसर पर मंडल प्रभारी, जिला अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरे आयोजन को सफल बनाया।



