Azamgarh news :फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन रजिस्ट्री के नाम पर32 लाख की ठगी करने वाला गिरफ्तार
फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन रजिस्ट्री के नाम पर32 लाख की ठगी करने वाला गिरफ्तार

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना निजामाबाद पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। जमीन रजिस्ट्री कराने के नाम पर 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया।
दिनांक 26.03.2025 को वादी शादाब आलम पुत्र सुहेल अहमद निवासी फरिहा थाना निजामाबाद जनपद आजमगढ़ द्वारा थाना स्थानीय पर तहरीर देकर अवगत कराया गया कि उसके रिश्तेदार साजिद पुत्र इश्तियाक अहमद ने उसे लखनऊ में जमीन दिलाने के नाम पर एहशान अहमद एवं साजिद हसन से मिलवाया। आरोप है कि अभियुक्तों ने लगभग डेढ़ वर्ष के दौरान नकद, आरटीजीएस एवं एनईएफटी के माध्यम से कुल 32 लाख रुपये प्राप्त कर लिए।
जब वादी ने जमीन की रजिस्ट्री कराने की बात कही तो अभियुक्तों ने एक फर्जी जमीन मालिक को प्रस्तुत कर कूटरचित आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं अन्य दस्तावेज तैयार कर उसके साथ धोखाधड़ी की। घटना की जानकारी होने पर वादी द्वारा धनराशि वापस मांगने पर अभियुक्तों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा एक अभियुक्त द्वारा फर्जी हस्ताक्षर कर 06 लाख रुपये का चेक भी दिया गया।
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना निजामाबाद पर मु0अ0सं0-107/2025 धारा 419, 420, 467, 468, 471, 406, 504, 506 भा0द0वि0 के तहत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना प्रारम्भ की गई।
विवेचना एवं साक्ष्य संकलन के क्रम में आज दिनांक 03.06.2026 को उ0नि0 चित्रांशु मिश्रा मय हमराह द्वारा मुकदमा उपरोक्त से संबंधित अभियुक्त एहशान अहमद पुत्र इम्तियाज निवासी चकिया हुसैनाबाद थाना निजामाबाद जनपद आजमगढ़ को चकिया मोड़ से समय करीब 09:00 बजे गिरफ्तार किया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण कर अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
जनपद आजमगढ़ पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी भूमि क्रय-विक्रय से पूर्व संबंधित अभिलेखों एवं स्वामित्व की विधिवत जांच अवश्य कर लें तथा किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की सूचना तत्काल पुलिस को दें।



