Azamgarh News: ई-संजीवनी सेवा में आजमगढ़ का शानदार प्रदर्शन, राज्य औसत से आगे निकला जनपद

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
ई-संजीवनी सेवा में आजमगढ़ का शानदार प्रदर्शन, राज्य औसत से आगे निकला जनपद
आजमगढ़ जनपद ने डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और उपलब्धि हासिल करते हुए ई-संजीवनी सेवा के तहत राज्य औसत को पीछे छोड़ दिया है। माह मई में जनपद की विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं स्वास्थ्य उपकेंद्रों द्वारा कुल 54,208 ऑनलाइन परामर्श प्रदान किए गए। जनपद का प्रतिदिन औसत प्रदर्शन 4.8 परामर्श प्रति स्वास्थ्य इकाई रहा, जबकि राज्य औसत 4.7 दर्ज किया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने इस उपलब्धि पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत और समर्पण से आजमगढ़ ने बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि ई-संजीवनी सेवा ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रही है।
समीक्षा में तहबरपुर, मिर्जापुर, तरवां, मेहनगर, हरैया, जहानागंज एवं बिलरियागंज ब्लॉकों का प्रदर्शन सराहनीय पाया गया। वहीं महाराजगंज, कोयलसा, सठियांव एवं फूलपुर ब्लॉकों की कुछ स्वास्थ्य इकाइयों के कम प्रदर्शन पर संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए गए हैं।
एमओ ई-संजीवनी सेवा के अंतर्गत मई माह में 49,751 टेली-परामर्श प्रदान किए गए। सीएचसी तहबरपुर के डॉ. हृदय सिंह ने 2,421 परामर्श देकर जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि डॉ. प्रवीण चौधरी (पीएचसी मिर्जापुर) ने 2,327 तथा डॉ. रणविजय प्रताप सिंह (जीएमसी आजमगढ़) ने 2,280 परामर्श देकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
सीएमओ ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए आगामी माह में प्रदर्शन को और बेहतर बनाने का आह्वान किया।



