Azamgarh news:ऑपरेशन वज्रपात: सोशल मीडिया पर रंगबाजी दिखाने वाले 8 युवकों पर पुलिस का शिकंजा
इंस्टाग्राम-फेसबुक पर गैंग बनाकर दबंगई दिखाने वालों के खिलाफ कार्रवाई, कई थानों में हुई काउंसलिंग और विधिक कार्यवाही

आजमगढ़। सोशल मीडिया पर गैंग बनाकर रंगबाजी, दबंगई और कथित माफिया छवि का प्रदर्शन करने वाले युवकों के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सोशल मीडिया की निगरानी कर आठ युवकों को चिन्हित किया गया, जिनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए काउंसलिंग कर चेतावनी दी गई।
पुलिस के अनुसार दीदारगंज थाना क्षेत्र में “टीम 5062” नाम से गैंग बनाकर इंस्टाग्राम और फेसबुक पर वीडियो व रील पोस्ट करने वाले उपेन्द्र कुमार को चिन्हित किया गया। वहीं पवई थाना क्षेत्र में “माफिया किंग” नाम से सोशल मीडिया पर सक्रिय शुभम पाण्डेय और सुधीर यादव के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में जहानागंज थाना क्षेत्र में विकास सरोज, संदीप सरोज और शिवम गौड़ को पुलिस ने चिन्हित किया। जांच में सामने आया कि इन युवकों ने जन्मदिन समारोह के दौरान पुलिस वाहन का इस्तेमाल कर रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर रौब दिखाने का प्रयास किया।
आजमगढ़ में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप।
सरायमीर थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम और फेसबुक पर गैंग बनाकर दबंगई दिखाने वाले रवि कुमार के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। वहीं गम्भीरपुर थाना क्षेत्र में एआई तकनीक की मदद से हाथ में पिस्टल दिखाते हुए वीडियो वायरल करने वाले एक किशोर को चिन्हित कर उसके अभिभावकों की मौजूदगी में काउंसलिंग की गई।
पुलिस ने सभी युवकों को उनके अभिभावकों सहित थाने बुलाकर सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग, कानून-व्यवस्था, यातायात नियमों तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग से होने वाले कानूनी और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। कई मामलों में बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई भी की गई।
बूगल बॉलीवुड बैलिस्टिक अवॉर्ड्स 2026 में सीरत कपूर को मिला ‘डायनेमिक स्क्रीन प्रेजेंस अवॉर्ड
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, हथियारों का प्रदर्शन, रंगबाजी, दहशत फैलाने वाली पोस्ट और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर निगरानी रखें और उन्हें शिक्षा, खेलकूद व अन्य सकारात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करें।



