Azamgarh News:प्रशासन के आश्वासन पर समाप्त हुआ आमरण अनशन, 2–3 माह में भदुली–निजामाबाद मार्ग निर्माण शुरू कराने का भरोसा

प्रशासन के आश्वासन पर समाप्त हुआ आमरण अनशन, 2–3 माह में भदुली–निजामाबाद मार्ग निर्माण शुरू कराने का भरोसा

प्रेम प्रकाश दुबे की रिपोर्ट।

निजामाबाद (आजमगढ़)। भदुली–निजामाबाद मार्ग के निर्माण एवं क्षेत्रीय विकास की मांग को लेकर शेरपुर तिराहा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल के पास चल रहा धरना प्रदर्शन रविवार को प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष डीएवी कॉलेज अरुण कुमार मिश्रा उर्फ लालू मिश्रा पिछले पांच दिनों से धरना और तीन दिनों से आमरण अनशन पर बैठे थे। रविवार शाम उपजिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह एवं तहसीलदार चमन सिंह राणा धरनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान एसडीएम ने अरुण कुमार मिश्रा की अपर जिलाधिकारी (एडीएम) से दूरभाष पर वार्ता कराई। वार्ता के दौरान एडीएम ने आश्वासन दिया कि भदुली–निजामाबाद मार्ग के निर्माण की प्रक्रिया को प्राथमिकता देते हुए आगामी दो से तीन माह के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद एसडीएम चन्द्र प्रकाश सिंह एवं तहसीलदार चमन सिंह राणा की मौजूदगी में अरुण कुमार मिश्रा ने अपना आमरण अनशन समाप्त कर दिया। अरुण कुमार मिश्रा ने कहा कि यह आंदोलन क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं एवं विकास कार्यों को लेकर किया गया था। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समयावधि में सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता के साथ विचार-विमर्श कर पुनः लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू किया जाएगा। धरनास्थल पर मौजूद लोगों ने प्रशासन के आश्वासन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इस बार वर्षों से लंबित भदुली–निजामाबाद मार्ग का निर्माण कार्य धरातल पर दिखाई देगा। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क बनने से आवागमन सुगम होगा, किसानों को अपनी उपज के परिवहन में सुविधा मिलेगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा विद्यार्थियों सहित आम नागरिकों को भी इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button