Azamgarh news:उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर महिलाओं ने खोला 36 घंटे का निर्जला व्रत,

कोहरे और ठंड के बीच घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सूर्यदेव के दर्शन होते ही गूंजे जयकारे।

अतरौलिया/आजमगढ़:लोक आस्था और सूर्योपासना के चार दिवसीय महापर्व डाला छठ का सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ विधि-विधान से समापन हो गया। तड़के से ही नगर के पूरब पोखरा, पश्चिमी पोखरा समेत ग्रामीण अंचल के लोहरा, तेज़ापुर, सिकंदर पुर, गोविन्द पुर, नंदना, मदिया पार, भोराज पुर, समेत विभिन्न घाटों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। कड़ाके की ठंड और हल्के कोहरे के बावजूद महिलाओं ने जल में खड़े होकर भगवान भास्कर के उदय होने की प्रतीक्षा की और परिवार की सुख-समृद्धि तथा संतान की दीर्घायु की कामना की। सूर्य की पहली किरण दिखाई देते ही घाटों पर जयघोष गूंज उठा। व्रती महिलाओं ने दूध और जल से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण किया। इस दौरान घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने कहा कि इस बार हल्के कोहरे और ठंड के बीच सूर्यदेव के दर्शन का इंतजार करना किसी परीक्षा से कम नहीं था, लेकिन आस्था के आगे मौसम की चुनौती भी छोटी पड़ गई।

छठ पर्व को लेकर नगर पंचायत की ओर से घाटों पर विद्युत व्यवस्था कर दूधिया रोशनी से सजावट की गई थी। साफ-सफाई के साथ चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया गया था। जल में रस्सी बांधकर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दूबे के नेतृत्व में उपनिरीक्षकों और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। इस अवसर पर निषाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत कुमार सिंह भी अपने गांव के छठ घाट पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि लोक आस्था के इस महापर्व में माताएं और बहनें परिवार तथा संतान की मंगलकामना के लिए कठिन निर्जला व्रत रखती हैं। सनातन संस्कृति में सूर्यदेव का विशेष महत्व है और उनके प्रति लोगों की आस्था अटूट है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में भी उनकी माता इस कठिन व्रत का पालन करती हैं और वह स्वयं घाट पर पहुंचकर इस परंपरा में सहभागी बनते हैं।

अर्घ्य के साथ ही घाटों पर चार दिनों से चल रहे छठ महापर्व का श्रद्धा और उल्लास के बीच सकुशल समापन हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button