Azamgarh News:कोटेदार की अनियमितताओं पर बड़ी कार्रवाई, दुकान निलंबित, जांच में राशन वितरण में मिलीं गंभीर गड़बड़ियां
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
कोटेदार की अनियमितताओं पर बड़ी कार्रवाई, दुकान निलंबित, जांच में राशन वितरण में मिलीं गंभीर गड़बड़ियां
आजमगढ़ तहसील सगड़ी क्षेत्र के एक उचित दर विक्रेता (कोटेदार) के खिलाफ राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत सही पाए जाने पर बिलरियागंज सप्लाई इंस्पेक्टर संतोष शर्मा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुकान का संचालन निलंबित कर दिया है। जांच के दौरान लाभार्थियों के राशन कार्ड, वितरण रजिस्टर, ई-पॉस मशीन के रिकॉर्ड तथा खाद्यान्न उठान एवं वितरण से संबंधित अभिलेखों की गहन जांच की गई, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
सप्लाई इंस्पेक्टर संतोष शर्मा की जांच रिपोर्ट के अनुसार कई पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न नहीं मिला। कुछ उपभोक्ताओं के बयान में राशन कम देने की पुष्टि हुई, जबकि ई-पॉस मशीन के रिकॉर्ड और वास्तविक वितरण में भी अंतर पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि कई कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न दिया गया तथा वितरण व्यवस्था में शासन के निर्देशों का पालन नहीं किया गया।
रिपोर्ट में उल्लेख है कि जून एवं जुलाई 2026 के खाद्यान्न उठान और वितरण के आंकड़ों में भी अंतर पाया गया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों का सत्यापन करने पर कई बिंदुओं पर कोटेदार की कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं मिली, जिसके आधार पर संबंधित अधिकारी ने उचित दर दुकान को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की संस्तुति की।
आदेश में संबंधित क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारी संतोष शर्मा एवं नायब तहसीलदार को निर्देशित किया गया है कि लाभार्थियों को राशन वितरण में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निलंबित दुकान को निकटवर्ती उचित दर विक्रेता से अस्थायी रूप से संबद्ध कर खाद्यान्न का नियमित वितरण सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की अनियमितता, पात्र लाभार्थियों के अधिकारों से खिलवाड़ अथवा शासन की योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोष सिद्ध होने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



