Azamgarh News;फर्जी भारतीय नागरिक बनकर सरकारी योजनाओं में धोखाधड़ी, कोर्ट के आदेश पर 2.33 लाख जब्त

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय
फर्जी भारतीय नागरिक बनकर सरकारी योजनाओं में धोखाधड़ी, कोर्ट के आदेश पर 2.33 लाख जब्त
आजमगढ़। थाना निजामाबाद पुलिस ने सरकारी योजनाओं में कथित धोखाधड़ी कर अवैध रूप से प्राप्त धनराशि के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के बैंक खाते में जमा ₹2,33,465 की धनराशि न्यायालय के आदेश पर जब्त कर ली है। यह राशि संबंधित सरकारी योजनाओं के खाते में जमा कराई जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध एवं आर्थिक अनियमितताओं के विरुद्ध अभियान के तहत हुई विवेचना में सामने आया कि निजामाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम सुराई निवासी मोहम्मद कुद्दूस उर्फ कुद्दूस, जिसने मलेशिया की नागरिकता और पासपोर्ट प्राप्त कर लिया था, भारत में स्वयं को भारतीय नागरिक बताकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराए हुए था। आरोप है कि उसने इसी आधार पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना तथा मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
इस मामले में थाना निजामाबाद पर मुकदमा संख्या 71/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को 25 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते में मौजूद ₹2,33,465 की धनराशि को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए फ्रीज कर दिया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर की संस्तुति पर अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, न्यायालय संख्या-10, आजमगढ़ में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया।
न्यायालय ने 24 जून 2026 को धारा 107(2) बीएनएसएस के तहत उक्त धनराशि के अधिग्रहण (जब्तीकरण) का आदेश पारित किया। पुलिस के अनुसार जब्त की गई राशि संबंधित सरकारी योजनाओं में जमा कराई जाएगी।
आरोपी के विरुद्ध थाना निजामाबाद में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 319, 335, 336(3), 338 एवं 340 के तहत मुकदमा दर्ज है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी रशीदगंज उपनिरीक्षक राज नारायण पाण्डेय तथा अभियोजन अधिकारी नवनीत त्रिपाठी की प्रमुख भूमिका रही।



