Azamgarh news :एक जुलाई से चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, 11 जुलाई से शुरू होगा दस्तक अभियान : सीएमओ

एक जुलाई से चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, 11 जुलाई से शुरू होगा दस्तक अभियान : सीएमओ

13 विभागों के समन्वय से संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण का लक्ष्य

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जनपद में 01 जुलाई से 31 जुलाई, तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 जुलाई से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, दिमागी बुखार, डायरिया एवं अन्य संचारी रोगों की रोकथाम तथा समय से उपचार सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ ही महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, शिक्षा, नगर निकाय, कृषि, पशुपालन समेत 13 विभाग समन्वित रूप से कार्य करेंगे साथ ही साथ डब्ल्यूएचओ के एनपीएसपी यूनिट तथा पाथ जैसी संस्थाएं तकनीकी सहयोग प्रदान करेंगी।

सीएमओ ने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां घर-घर जाकर बुखार, आईएलआई, टीबी, कुष्ठ, फाइलेरिया, कालाजार तथा कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनकी सूची तैयार करेंगी और विवरण ई-कवच पोर्टल पर अपलोड करेंगी। साथ ही परिवारों की आभा आईडी भी बनाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि डायरिया नियंत्रण के लिए आशा कार्यकर्त्रियां ओआरएस एवं जिंक की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगी, जबकि मच्छरों की रोकथाम के लिए जलभराव समाप्त करने, एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग की कार्रवाई तेज की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खुले में बिकने वाले दूषित एवं सड़े-गले खाद्य पदार्थों पर भी सख्त निगरानी रखी जाएगी।

सीएमओ डॉ. वर्मा ने बताया कि अभियान के शुभारंभ अवसर पर 01 जुलाई को प्रातः 9:50 बजे जिलाधिकारी द्वारा जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन को संचारी रोगों की रोकथाम एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण के उपरांत जिलाधिकारी जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

यह रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं हिस्सों से होकर जिला महिला चिकित्सालय परिसर में संपन्न होगी। रैली के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, जलजनित एवं वेक्टर जनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, प्रभात फेरियां एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित कराए जाने का निर्देश संबंधित विभागों को पूर्व में ही दिया जा चुका है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को पूरी बांह की कमीज और फुल पैंट पहनाकर विद्यालय भेजें ताकि मच्छरों से बचाव हो सके।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि घरों और आसपास जलभराव न होने दें, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करें, भोजन को ढककर रखें तथा आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और स्वच्छता के माध्यम से ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button