Azamgarh News:रोजगार सेवकों का विधानसभा घेराव के लिए कूच, नियमितीकरण व राज्य कर्मी का दर्जा देने की मांग*
*रोजगार सेवकों का विधानसभा घेराव के लिए कूच, नियमितीकरण व राज्य कर्मी का दर्जा देने की मांग*
पवई । रोजगार सेवकों को नियमित करते हुए राज्य कर्मी का दर्जा दिए जाने तथा अपनी दस सूत्रीय मांगों के समर्थन में रोजगार सेवकों ने बुधवार को विकास खण्ड कार्यालय पवई से लखनऊ के लिए रवाना होकर विधानसभा घेराव कार्यक्रम में भाग लेने का निर्णय लिया।
रोजगार सेवकों ने बताया कि लंबे समय से वे अपनी विभिन्न मांगों को शासन स्तर पर उठाते आ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के विरोध में प्रदेश स्तर पर आयोजित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में रोजगार सेवक विकास खण्ड कार्यालय परिसर से लखनऊ के लिए रवाना हुए।
रोजगार सेवकों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, राज्य कर्मी का दर्जा, सेवा सुरक्षा, मानदेय संबंधी समस्याओं का समाधान तथा अन्य लंबित मांगों पर कार्रवाई शामिल है। उनका कहना है कि रोजगार सेवक वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
रवानगी के दौरान रोजगार सेवकों ने सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन आगे भी जारी रखा जाएगा।



