Azamgarh news :जिलाधिकारी ने स्कूल चलो अभियान-2026 के द्वितीय चरण का किया शुभारंभ

जिलाधिकारी ने स्कूल चलो अभियान-2026 के द्वितीय चरण का किया शुभारंभ

हर बच्चे तक शिक्षा की रोशनी पहुँचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता – जिलाधिकारी

ड्रॉपआउट बच्चों की शत-प्रतिशत वापसी एवं प्रत्येक पात्र बच्चे का नामांकन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश”

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी शासनादेश के क्रम में जनपद आजमगढ़ में शैक्षिक सत्र 2026-27 के द्वितीय चरण का जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने विकास खण्ड पल्हनी स्थित जूनियर हाई स्कूल जाफरपुर परिसर से स्कूल चलो अभियान-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा जनपदवासियों से अपने बच्चों का समय से विद्यालयों में नामांकन कराकर अभियान को सफल बनाने की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए सभी विभाग समन्वय स्थापित कर अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दें। उन्होंने शिक्षकों, ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, अभिभावकों तथा जनप्रतिनिधियों से घर-घर संपर्क कर बच्चों का नामांकन सुनिश्चित कराने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि स्कूल चलो अभियान-2026 के अंतर्गत 03 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी बच्चों का आंगनबाड़ी/बालवाटिका में शत-प्रतिशत नामांकन, 06 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी बच्चों का कक्षा-1 में शत-प्रतिशत प्रवेश, 07 से 14 वर्ष आयु वर्ग के सभी ड्रॉपआउट एवं आउट ऑफ स्कूल बच्चों का चिन्हीकरण कर विद्यालयों में पुनः नामांकन तथा विभिन्न स्तरों पर अध्ययनरत विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत ट्रांजिशन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अंतर्गत आंगनबाड़ी/बालवाटिका से कक्षा-1, कक्षा-5 से कक्षा-6, कक्षा-8 से कक्षा-9 तथा कक्षा-10 से कक्षा-11 में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही वर्तमान शैक्षिक सत्र में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कर लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने पर विशेष बल दिया गया।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में एडीओ पंचायत एवं समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों की ऑनलाइन बैठक आयोजित की जाए, जिसमें नामांकन अभियान की प्रगति, ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान, ग्रामवार कार्ययोजना तथा विभागीय समन्वय की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि अभियान के निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), आजमगढ़ द्वारा नवप्रवेशित बच्चों के नामांकन का प्रतीकात्मक कार्यक्रम आयोजित कराया गया। साथ ही बच्चों को नवीन शैक्षिक सत्र की पाठ्य पुस्तकों का प्रतीकात्मक वितरण भी किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अभियान में सहभागिता करते हुए शिक्षा के महत्व से संबंधित जागरूकता संदेश प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर प्राचार्य, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) आजमगढ़, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी पल्हनी, खण्ड शिक्षा अधिकारी ठेकमा, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button