Azamgarh News:प्रदेश मंत्री बनने के बाद प्रथम आगमन पर सहजानंद राय का भव्य स्वागत, हरिऔध कला भवन में उमड़ा जनसैलाब
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
प्रदेश मंत्री बनने के बाद प्रथम आगमन पर सहजानंद राय का भव्य स्वागत, हरिऔध कला भवन में उमड़ा जनसैलाब
आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री नियुक्त किए जाने के बाद भाजपा नेता सहजानंद राय के जनपद आजमगढ़ में प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ऐतिहासिक एवं भव्य स्वागत किया। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से लेकर शहर स्थित हरिऔध कला भवन तक करीब 21 स्थानों पर हजारों कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया। पूरे मार्ग पर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक उत्साह से सराबोर रहा।
हरिऔध कला भवन में आयोजित अभिनंदन समारोह की शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने मां भारती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद राष्ट्रगीत एवं वंदे मातरम् के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।
समारोह में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे हजारों समर्थकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया। मंच पर पहुंचे प्रदेश मंत्री सहजानंद राय का फूल-मालाओं, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने भी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में सहजानंद राय ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें प्रदेश मंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर जो विश्वास जताया है, उसका वह पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन छात्र राजनीति से प्रारंभ हुआ और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में उन्हें संगठन, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के संस्कार प्राप्त हुए।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने समय-समय पर उन पर विश्वास जताते हुए उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष, भाजपा जिला महामंत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय मंत्री, क्षेत्रीय महामंत्री तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे। प्रदेश मंत्री के रूप में मिली नई जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ संगठन के प्रति और अधिक उत्तरदायित्व का विषय है।
सहजानंद राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसी पार्टी है जहां कार्यकर्ता की मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा का सम्मान होता है। एक साधारण कार्यकर्ता भी अपने परिश्रम और प्रतिबद्धता के बल पर संगठन के सर्वोच्च दायित्वों तक पहुंच सकता है और उनका राजनीतिक जीवन इसका जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता संगठन को और मजबूत करना, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना होगा।
मुख्य अतिथि कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि सहजानंद राय ने विद्यार्थी परिषद से लेकर भाजपा संगठन तक प्रत्येक जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया है। उन्होंने गांव-गांव और बूथ-बूथ तक संगठन को मजबूत करने का कार्य किया। पार्टी नेतृत्व ने उनके संघर्ष, समर्पण और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए प्रदेश मंत्री जैसा महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल सहजानंद राय का नहीं बल्कि आजमगढ़ सहित पूरे पूर्वांचल के समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान है।
कार्यक्रम के संयोजक, पूर्व जिलाध्यक्ष लालगंज एवं स्वाभिमान मंच के संस्थापक अध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि हरिऔध कला भवन में उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण पहले से कहीं अधिक मजबूत हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश मंत्री के रूप में सहजानंद राय संगठन को नई दिशा देंगे और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
समारोह में उपस्थित विभिन्न वक्ताओं ने सहजानंद राय के लंबे संगठनात्मक अनुभव, संघर्षशील व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रदेश मंत्री बनने से आजमगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे पूर्वांचल के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह, नई ऊर्जा और नई उम्मीद का संचार हुआ है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद संतोष सिंह, होम्योपैथी बोर्ड के पूर्व सदस्य श्याम नारायण सिंह ‘दादा’, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. माला द्विवेदी, प्रदेश महामंत्री किसान मोर्चा घनश्याम पटेल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य देवेंद्र सिंह, राधेश्याम सिंह ‘गुड्डू’, क्षेत्रीय संयोजक रमाकांत मिश्र, सच्चिदानंद सिंह, हवलदार सिंह, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन लक्ष्मण मौर्य, पूर्व विधायक वंदना सिंह, स्वाभिमान मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. गार्गी तिवारी, पूर्व क्षेत्रीय मंत्री संदीप सिंह ‘सोनू’, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अजय सिंह, जिला मंत्री अमन श्रीवास्तव, अवनीश राय (बंटी), राज सिंह, ब्लॉक प्रमुख बलवंत यादव, अनुराग सिंह, विजय विश्वकर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष बिलरियागंज रूद्रप्रकाश राय, राकेश सिंह, दीपक मिश्रा,संतोष यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव, चेयरमैन रामशीष बरनवाल, सभासद पूनम सिंह, नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा, डॉ. राजेश यादव, डॉ. मालती मिश्रा, सत्य प्रकाश मिश्रा, सौरभ कन्नौजिया, संदीप राजभर, पल्लव श्रीवास्तव, सुनील सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
भव्य स्वागत, अनुशासित आयोजन और कार्यकर्ताओं के अपार उत्साह ने इस अभिनंदन समारोह को आजमगढ़ की राजनीतिक गतिविधियों में एक यादगार आयोजन के रूप में स्थापित कर दिया।



