Azamgarh News:दो सड़क हादसों से जुड़े मामलों में दो की मौत, एक में मुकदमा दर्ज तो दूसरे में पोस्टमार्टम की कार्रवाई

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय;

दो सड़क हादसों से जुड़े मामलों में दो की मौत, एक में मुकदमा दर्ज तो दूसरे में पोस्टमार्टम की कार्रवाई

आजमगढ़। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में दो लोगों की मौत हो गई। अतरौलिया क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आए युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि रानी की सराय क्षेत्र में करीब आठ माह पहले सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की लंबे उपचार के बाद मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पहला मामला अतरौलिया थाना क्षेत्र का है। ग्राम गौरा निवासी अशोक यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके भतीजे सूरज यादव (25 वर्ष) पुत्र सफई यादव मंगलवार सुबह करीब नौ बजे ग्राम खोन्हनपुर फरीदपट्टी स्थित राइस मिल के पास से गुजर रहे थे। आरोप है कि उसी दौरान सामने से तेज गति व लापरवाही से आ रहे जगदंबा प्रसाद पांडेय के पावरट्रैक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल सूरज यादव को परिजन तत्काल आनंद हॉस्पिटल ले गए, जहां दोपहर करीब 1:15 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दुर्घटना में उनकी दोपहिया बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। परिजनों की तहरीर पर अतरौलिया पुलिस ने संबंधित चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

दूसरा मामला रानी की सराय थाना क्षेत्र का है। कंधरापुर थाना क्षेत्र के कमेनपुर गांव निवासी मनीष कुमार पुत्र घूरुहू राम ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके जीजा मुन्नीलाल (43 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय निरंजन राम निवासी वसीरपुर करीब आठ माह पूर्व सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका लगातार उपचार चल रहा था, लेकिन 7 जुलाई 2026 को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों की सूचना पर रानी की सराय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया और विधिक कार्यवाही में जुट गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button