Azamgarh News:वित्तीय साक्षरता शिविर में किसानों को योजनाओं की दी जानकारी, 12 किसानों का हुआ बीमा।
अतरौलिया। वित्तीय साक्षरता शिविर में किसानों को योजनाओं की दी जानकारी, 12 किसानों का हुआ बीमा।
गन्ना समिति बुढ़नपुर परिसर में मंगलवार को तीन दिवसीय वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के डायरेक्टर बालमुकुंद सिंह ने की। मुख्य अतिथि जिला गन्ना अधिकारी रंजीत कुमार निराला तथा विशिष्ट अतिथि यूनियन बैंक के अग्रणी जिला प्रबंधक अभिषेक द्विवेदी रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों को वित्तीय साक्षरता के तहत केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं बैंकिंग सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। अग्रणी जिला प्रबंधक अभिषेक द्विवेदी ने किसानों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के लाभों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के लोग मात्र 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर जुड़ सकते हैं, जिसमें प्राकृतिक मृत्यु की स्थिति में दो लाख रुपये का बीमा कवर मिलता है। वहीं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में मात्र 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर 70 वर्ष तक दुर्घटना बीमा का लाभ उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए अटल पेंशन योजना भविष्य की आर्थिक सुरक्षा का बेहतर विकल्प है, जिसमें नियमित अंशदान के बदले सेवानिवृत्ति के बाद सुनिश्चित पेंशन की सुविधा मिलती है।
मुख्य अतिथि जिला गन्ना अधिकारी रंजीत कुमार निराला ने किसानों से सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से अनिवार्य रूप से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि खरीफ फसल की बुवाई का समय चल रहा है, ऐसे में जिन किसानों के पास किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) है, वे अपनी फसल का बीमा अवश्य कराएं। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए गन्ना आपूर्ति हेतु नए सदस्य बनाने की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है। गन्ना सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है तथा 20 जुलाई से 31 अगस्त तक ग्राम स्तर पर सर्वे सट्टा का प्रदर्शन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान करीब 12 किसानों का विभिन्न बीमा योजनाओं के तहत पंजीकरण भी कराया गया। इस अवसर पर समिति सचिव अशोक कुमार सिंह, वरिष्ठ लिपिक पंकज श्रीवास्तव, गन्ना पर्यवेक्षक हरिश्चंद्र यादव, अजीत सिंह, रमेश सोनकर, शशिभूषण, शारदा निषाद, चंद्रभान, महेंद्र त्रिपाठी, ओमप्रकाश, सचिन सिंह, शत्रुघ्न यादव सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।



