Azamgarh news :जिलाधिकारी द्वारा दिव्यांग बोर्ड 04 दिन करने का दिखा सकारात्मक असर, ढ़ाई गुना अधिक बने दिव्यांगता कार्ड एवं बड़ी संख्या में लम्बित आवेदनों का हुआ निस्तारण
जिलाधिकारी द्वारा दिव्यांग बोर्ड 04 दिन करने का दिखा सकारात्मक असर, ढ़ाई गुना अधिक बने दिव्यांगता कार्ड एवं बड़ी संख्या में लम्बित आवेदनों का हुआ निस्तारण

सुगमता से दिव्यांगता कार्ड बनने पर दिव्यांगों ने मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी को धन्यवाद व आभार व्यक्त किया
दिव्यांगजनों की सुविधा एवं उनके हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता – जिलाधिकारी
डीएम ने अपील किया कि लंबित आवेदनों वाले दिव्यांगजन निर्धारित 4 दिवसों में बोर्ड के समक्ष उपस्थित होकर कराएं परीक्षण
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
दिव्यांगजनों को समयबद्ध रूप से दिव्यांगता प्रमाण-पत्र/यू.डी.आई.डी. (यूनिक डिसएबिलिटी आईडी) कार्ड उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविंद्र कुमार द्वारा जनपद आजमगढ़ में दिव्यांग बोर्ड की बैठक सप्ताह में 02 दिन के स्थान पर 04 दिन करने का सकारात्मक परिणाम दिखा। जहां पहले 02 दिनों में लगभग 60 दिव्यांगता कार्ड बनते थे, वहीं इस बार 04 दिनों में (सोमवार से वृहस्पतिवार, 6 से 9 जुलाई) ढ़ाई गुना अर्थात 150 दिव्यांगता कार्ड बने। साथ ही यूडीआईडी लॉगिन पर लम्बित लगभग 600 आवेदनों का निस्तारण हुआ। प्रदेश स्तर पर रिजेक्शन प्वाइंट निस्तारण में तकनीकी समस्या आ गई थी, नही तो लम्बित 3 हजार आवेदन और निस्तारित हो जाते, जो अब जल्द ही निस्तारित हो जायेंगे।
मण्डलीय जिला चिकित्सालय, आजमगढ़ में आये दिव्यांगों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र सुविधा के साथ बन जाने पर दिव्यांगों ने मा0 मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी का धन्यवाद व आभार व्यक्त किया कि पहले की तुलना में अब सुगमता के साथ कार्ड बन रहा है। विगत 04 दिनों में जो भी पात्र दिव्यांग, दिव्यांग बोर्ड के समक्ष उपस्थित हुए, सभी का दिव्यांगता कार्ड बनाया गया।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी संबंधित दिव्यांगजनों से अपील किया है कि जिनका आवेदन लंबित है तथा जो अभी तक बोर्ड के समक्ष उपस्थित नहीं हुए हैं, वे निर्धारित दिवसों में दिव्यांग बोर्ड के समक्ष अपनी भौतिक स्थिति के परीक्षण हेतु अनिवार्य रूप से उपस्थित हों, ताकि उनके दिव्यांगता प्रमाण-पत्र/यू.डी.आई.डी. कार्ड शीघ्र जारी किए जा सकें।
दिव्यांगजनों की सुविधा एवं उनके हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए दिव्यांग बोर्ड की बैठकों की संख्या बढ़ाई गयी, जिससे लंबित मामलों का तेजी से निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
इस संबंध में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया है कि दिव्यांग बोर्ड का स्वयं प्रभावी अनुश्रवण करते हुए लंबित दिव्यांगता प्रमाण-पत्र एवं यू.डी.आई.डी. कार्ड के आवेदनों का त्वरित निस्तारण कराएं, जिससे अधिक से अधिक दिव्यांगजन शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
दिव्यांग बोर्ड प्रभारी/डिप्टी सीएमओ डॉ0 अविनाश झा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश का अनुपालन करते हुए दिव्यांग बोर्ड की बैठक 04 दिन (सोमवार से वृहस्पतिवार) तक सुचारू रूप से सम्पादित किया जा रहा है



