कठकुइयाँ रेलवे स्टेशन पर पाटलिपुत्र–गोरखपुर–पाटलिपुत्र मेल एक्सप्रेस के प्रायोगिक ठहराव का शुभारंभ
Experimental stoppage of Patliputra-Gorakhpur-Patliputra Mail Express started at Kathkuian Railway Station
वाराणसी, 27 जुलाई, 2026; यात्रियों की सुविधा एवं क्षेत्रीय जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन द्वारा गाड़ी संख्या 15079/15080 पाटलिपुत्र–गोरखपुर–पाटलिपुत्र मेल एक्सप्रेस का कठकुइयाँ रेलवे स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव 26जुलाई,2026 से प्रारंभ कर दिया गया। इस अवसर पर कठकुइयाँ रेलवे स्टेशन पर रविवार को देर शाम आयोजित समारोह में कुशीनगर के माननीय सांसद श्री विजय कुमार दूबे ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन के ठहराव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर माननीय विधायक(पडरौना) मनीष जायसवाल उर्फ मंटू ,अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) श्री अशोक कुमार वर्मा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर-प्रथम श्री शैलेन्द्र सिंह, मंडल विद्युत इंजीनियर दीपक यादव, सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी.के. सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं क्षेत्रीय जनता उपस्थित थे।
अपने उद्घाटन संबोधन में माननीय सांसद विजय कुमार दूबे ने क्षेत्रवासियों को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि कठकुइयाँ रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जनभावना का परिणाम है। उन्होंने इस जनहितकारी निर्णय के लिए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में भारतीय रेल निरंतर यात्रियों की सुविधाओं का विस्तार कर रही है और जन अपेक्षाओं के अनुरूप नई सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। सांसद ने क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि यह ठहराव फिलहाल प्रायोगिक आधार पर प्रदान किया गया है। उन्होंने सभी यात्रियों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में वैध रेल टिकट लेकर इस ट्रेन से यात्रा करें, ताकि यात्रियों की संख्या एवं उपयोगिता के आधार पर इस ठहराव को भविष्य में स्थायी ठहराव के रूप में बनाए रखने में सहायता मिल सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि क्षेत्र की जनता इस सुविधा का भरपूर लाभ उठाएगी और भारतीय रेल के प्रति अपना सहयोग बनाए रखेगी।
इसके पूर्व माननीय विधायक(पडरौना) मनीष जायसवाल ने सांसद द्वारा कठकुइयाँ परिक्षेत्र में किये गए जनहित के कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनकी सराहना की और परस्पर सहयोग का आश्वासन दिया।इसके पूर्व अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा ने सांसद विजय कुमार दूबे एवं विधायक मनीष जायसवाल का स्वागत और अभिनंदन करते हुए उनके सतत प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे का वाराणसी मंडल एक यात्री प्रधान मंडल है तथा यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराना मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्री सुविधाओं का विस्तार एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप रेल सेवाओं का विकास निरंतर किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि आज से गाड़ी संख्या 15079 पाटलिपुत्र–गोरखपुर मेल एक्सप्रेस कठकुइयाँ स्टेशन पर रात्रि 21:21 बजे पहुंचेगी तथा दो मिनट के ठहराव के बाद 21:23 बजे गोरखपुर के लिए प्रस्थान करेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 15080 गोरखपुर–पाटलिपुत्र मेल एक्सप्रेस प्रातः 05:16 बजे कठकुइयाँ स्टेशन पहुंचेगी तथा दो मिनट के ठहराव के बाद 05:18 बजे पाटलिपुत्र के लिए रवाना होगी।उन्होंने कहा कि इस ठहराव से कठकुइयाँ एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को गोरखपुर एवं पाटलिपुत्र (पटना) के लिए सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इससे विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों एवं आम यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वाराणसी मंडल भविष्य में भी यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार एवं बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम का संचालन मुख्य हित निरीक्षक अमन श्रीवास्तव ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल इंजीनियर-प्रथम शैलेन्द्र सिंह ने प्रस्तुत किया।



