Azamgarh News:रोशनगंज में बाढ़ पीड़ित संगठन की मासिक बैठक आयोजित,
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
रोशनगंज में बाढ़ पीड़ित संगठन की मासिक बैठक आयोजित,
देवारा क्षेत्र के विकास और बाढ़ पीड़ितों के उत्थान को लेकर शासन से उठाई गईं प्रमुख मांगें
आजमगढ़ जनपद के सगड़ी तहसील अंतर्गत हरैया विकासखंड क्षेत्र के रोशनगंज स्थित बाढ़ पीड़ितों के लिए बनाए गए रैन बसेरा में रविवार दोपहर बाढ़ पीड़ित संगठन के तत्वावधान में मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में देवारा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए रणनीति तैयार की गई। बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि बाढ़ पीड़ित संगठन पिछले कई दशकों से देवारा क्षेत्र के विकास, बाढ़ पीड़ितों के अधिकारों तथा क्षेत्रवासियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करता आ रहा है। संगठन के कोषाध्यक्ष नर्वदेश्वर मिश्रा ने बताया कि देवारा क्षेत्र के लोग हर वर्ष घाघरा नदी की बाढ़ का दंश झेलते हैं, जिससे जान-माल और खेती को भारी नुकसान होता है। उन्होंने शासन से मांग की कि घाघरा नदी की गहराई बढ़ाई जाए तथा नदी के दक्षिणी छोर पर स्थायी बांध का निर्माण कराया जाए, जिससे बाढ़ की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जब तक बांध का निर्माण नहीं होता, तब तक बाढ़ प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक एवं बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। संगठन के अध्यक्ष बांकेलाल ने कहा कि बैठक में देवारा क्षेत्र के समग्र विकास और बाढ़ पीड़ितों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि संगठन आगे भी क्षेत्र के विकास और बाढ़ पीड़ितों के अधिकारों के लिए शासन-प्रशासन के समक्ष अपनी आवाज मजबूती से उठाता रहेगा।संगठन के सचिव राजीव मिश्रा ने कहा कि बाढ़ के दौरान प्रभावित लोगों को शासन द्वारा मिलने वाली कई आवश्यक सुविधाएं समय पर नहीं मिल पाती हैं। बाढ़ आते ही बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है, जिससे लोगों को अंधेरे में रहने के लिए मजबूर होना पड़ता है। ऐसे समय में प्रभावित परिवारों को प्रकाश व्यवस्था के लिए मिट्टी का तेल उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान सर्पदंश और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकांश बाढ़ चौकियों पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन नहीं करते। उन्होंने मांग की कि बाढ़ के समय शासन-प्रशासन जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर प्रभावित लोगों को तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराए। बैठक में जगरोपन यादव, वरिष्ठ समाजसेवी शंकर यादव, राममिलन, गंगा यादव, हरिराम, रामानंद, अशोक, सुरेश सहित बड़ी संख्या में संगठन के सदस्य एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



