Azamgarh news;पासपोर्ट सत्यापन बना कमाई का जरिया,आरोपों में घिरे दरोगा पर कार्रवाई
Azamgarh news: Passport verification becomes a source of income, action taken against the inspector surrounded by allegations
आजमगढ़, 16 अगस्त;पासपोर्ट सत्यापन के दौरान रिपोर्ट लगाने के एवज में अप्रत्यक्ष रूप से उत्कोच मांगने के आरोप में थाना निजामाबाद में तैनात उप निरीक्षक ना.पु. मयंक कृष्ण उपाध्याय को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।पुलिस के अनुसार, उप निरीक्षक मयंक कृष्ण उपाध्याय के विरुद्ध पासपोर्ट सत्यापन से संबंधित जांच के दौरान गंभीर आरोप प्रथम दृष्टया सामने आए। उन पर रिपोर्ट लगाने के एवज में अप्रत्यक्ष रूप से उत्कोच की मांग करने, आमजन में पुलिस की छवि धूमिल करने तथा पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने का आरोप है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए 16 अगस्त को निलंबन की कार्रवाई की। साथ ही नियमानुसार विभागीय कार्यवाही संस्थित किए जाने के आदेश दिए गए हैं।एसएसपी ने जनपद के सभी पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा स्वेच्छाचारिता पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।



