Azamgarh News:आजमगढ़ में युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, गर्भपात कराने और मारपीट का आरोप लगाया

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय
आजमगढ़ में युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, गर्भपात कराने और मारपीट का आरोप लगाया
आजमगढ़। जनपद की एक युवती ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अभिषेक कुमार और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे प्रेम संबंध स्थापित कर शादी का वादा किया और लंबे समय तक उसके साथ संबंध बनाए। बाद में गर्भवती होने पर कथित रूप से साजिश के तहत उसका गर्भपात करा दिया गया।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, युवती और आरोपी युवक के बीच पढ़ाई के दौरान प्रेम संबंध शुरू हुए थे। युवती का आरोप है कि युवक लगातार उससे शादी का वादा करता रहा और दोनों के बीच संबंध बने। नौकरी लगने के बाद युवक दूसरे शहर चला गया, जहां कथित तौर पर उसने युवती को शादी के नाम पर बुलाया और साथ रखा।
युवती ने आरोप लगाया कि गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद युवक के परिजनों को इसकी जानकारी हुई और कथित रूप से साजिश के तहत उसे गर्भपात की दवा खिलाई गई, जिससे उसका गर्भपात हो गया। इसके बाद भी युवक द्वारा जल्द शादी करने का आश्वासन दिए जाने का आरोप लगाया गया है।
युवती का कहना है कि वह दोबारा गर्भवती हुई तो युवक के परिजनों ने दोनों को शादी कराने का आश्वासन देकर आजमगढ़ बुलाया। आरोप है कि बाद में उसे एक अधिवक्ता के पास ले जाकर कुछ कागजात पर हस्ताक्षर कराए गए और शादी कराने का भरोसा दिया गया। इसके कुछ दिनों बाद युवक ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया।
युवती ने आरोप लगाया कि जब वह युवक के घर पहुंची तो उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। युवती का कहना है कि वह कई दिनों से थाने के चक्कर लगा रही है, लेकिन उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कानूनन कार्रवाई किए जाने की मांग की है।



