गाजीपुर:दो जिलों को जोड़ने वाली सड़क बदहाल: कंचनपुर बाजार में लोगों का प्रदर्शन, मरम्मत न हुई तो आंदोलन की चेतावनी

Ghazipur: The road connecting two districts is in bad condition: People demonstrated in Kanchanpur market, warning of agitation if it is not repaired.

कंचनपुर (आजमगढ़)। मेंहनगर तहसील क्षेत्र के कंचनपुर बाजार के पास जर्जर सड़क को लेकर क्षेत्रवासियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सड़क की खराब स्थिति से परेशान लोगों ने सांकेतिक प्रदर्शन कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया तथा शीघ्र मरम्मत की मांग की।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार सिंहपुर नहर मार्ग से होते हुए जखनिया तक जाने वाली यह सड़क आजमगढ़ और गाजीपुर जनपद को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। जखनिया से नारायणपुर बॉर्डर तक सड़क की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है, लेकिन आजमगढ़ सीमा में प्रवेश करते ही सड़क गड्ढों में तब्दील हो जाती है। विशेष रूप से कंचनपुर बाजार के समीप लगभग 700 मीटर लंबा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं सहित राहगीरों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे वाहन चालकों को सड़क और गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।

व्यापारियों ने बताया कि सड़क की बदहाली का असर स्थानीय बाजार के कारोबार पर भी पड़ रहा है। खराब मार्ग के कारण ग्राहक बाजार आने से बचते हैं, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत और मांग किए जाने के बावजूद संबंधित विभाग तथा जनप्रतिनिधियों ने समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

सांकेतिक आंदोलन के दौरान क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत या पुनर्निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे व्यापक जन आंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वर्षों से उपेक्षित यह सड़क अब क्षेत्र की प्रमुख समस्या बन चुकी है और जनता केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर समाधान चाहती है।

प्रदर्शन में अरविंद गुप्ता, सुनील गिरी, गुड्डू गिरी, पिंटू गिरी, गोलू खरवार, रवि किशन, अजय जायसवाल, सुरेंद्र यादव, धर्मेंद्र गोंड, गोविंद पांडे, संदीप जायसवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और व्यापारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button