Azamgarh News:प्रबंधकों पर रिश्वत के आरोप को लेकर महासभा में आक्रोश, डीआईओएस का पत्र वापस लेने की मांग

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

प्रबंधकों पर रिश्वत के आरोप को लेकर महासभा में आक्रोश, डीआईओएस का पत्र वापस लेने की मांग

पत्र वापस नहीं हुआ तो धरना-प्रदर्शन की चेतावनी, मुकेश राय बने जिला मीडिया प्रभारी

आजमगढ़ जनपद के विकासखंड बिलरियागंज अंतर्गत चांदपुर पटवध स्थित रामकृष्ण विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रांगण में बुधवार को शासकीय विद्यालय प्रबंधक महासभा की जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा प्रबंधकों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के पूर्व प्रबंध निदेशक स्वर्गीय मातम राय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद संगठन पदाधिकारी रणवीर सिंह ने पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाई, जिसे उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया।
बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा जिला विद्यालय निरीक्षक, आजमगढ़ द्वारा पत्रांक 6724/2026-27 दिनांक 15 सितंबर 2026 को लेकर रहा। पत्र में चयनित अध्यापकों को कार्यभार ग्रहण कराने के संबंध में प्रबंधकों पर दो से तीन लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप लगाए जाने पर महासभा के सदस्यों ने कड़ी नाराजगी जताई। अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रकार के आरोप सम्मानित विद्यालय प्रबंधकों की प्रतिष्ठा और सम्मान के विपरीत हैं तथा बिना उचित आधार के ऐसे आरोप लगाए जाना अत्यंत निंदनीय है।
मामले पर काफी देर तक विचार-विमर्श के बाद उपस्थित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने सर्वसम्मति से जिला विद्यालय निरीक्षक के पत्र में लगाए गए आरोपों की निंदा की। महासभा ने निर्णय लिया कि जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही जिला विद्यालय निरीक्षक से मिलकर उक्त पत्र को वापस लेने तथा प्रबंधक बंधुओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करेगा।
संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जिला विद्यालय निरीक्षक के विरुद्ध धरना-प्रदर्शन सहित अन्य लोकतांत्रिक एवं संगठनात्मक विकल्पों पर भी विचार किया जाएगा। इस संबंध में आगे की रणनीति और कार्यक्रम की तिथि निर्धारित करने के लिए जिलाध्यक्ष को अधिकृत किया गया। बैठक में संगठन के लंबे समय से रिक्त चल रहे जिला मीडिया प्रभारी के पद पर चयन का प्रस्ताव भी रखा गया। कार्यकारी मंडल अध्यक्ष अखिलेश त्रिपाठी ने किसी सक्रिय प्रबंधक को यह जिम्मेदारी सौंपने का प्रस्ताव रखा। चर्चा के दौरान जिला सचिव अनिल कुमार सिंह ने गांधी इंटर कॉलेज मालटारी के प्रबंधक मुकेश राय के नाम का प्रस्ताव रखा।
विचार-विमर्श के बाद उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सर्वसम्मति से मुकेश राय को शासकीय विद्यालय प्रबंधक महासभा का जिला मीडिया प्रभारी बनाए जाने पर सहमति प्रदान की। संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नई जिम्मेदारी के माध्यम से संगठन की गतिविधियों और प्रबंधकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सामने लाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक श्रवण कुमार राय, गजेंद्र सिंह, बृजेश सिंह, अखिलेश त्रिपाठी, रणवीर सिंह, राजकुमार राय, प्रदीप सिंह, अनिल कुमार सिंह, मुकेश राय, देवेंद्र सिंह, रोहिताश्व सिंह सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। सभी पदाधिकारियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठन की एकजुटता और मजबूती पर जोर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button