आजमगढ़ में महिलाओं से आभूषण ठगने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार,पैर में लगी गोली
In Azamgarh, the accused of defrauding women of their jewellery was arrested in a police encounter and was shot in the leg.
आजमगढ़ 12 अक्टूबर: कप्तानगंज थाना क्षेत्र में महिलाओं को सरकारी योजनाओं और आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर आभूषण व नकदी ठगने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। घायल आरोपी को पहले सीएचसी कोयलसा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, ठगी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहब राम (43) पुत्र स्वर्गीय मुसाफिर, निवासी बेला कलेशपुर उर्फ किशुनपुर, थाना मेहनाजपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। यह कार्रवाई 11 और 12 अक्टूबर की मध्यरात्रि करीब 1:30 बजे कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पासीपुर नहर पुलिया के पास की गई।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप
पुलिस के मुताबिक, कप्तानगंज बाजार में एक अक्टूबर और कौड़िया बाजार में पांच अक्टूबर को महिलाओं को सरकारी योजनाओं एवं आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके आभूषण और नकदी ठगने की घटनाएं हुई थीं। इन मामलों में कप्तानगंज थाने में मुकदमा संख्या 310/2026 और 311/2026 दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। मामले में आरोपी महिला नीरज उर्फ गुड्डी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ पासीपुर नहर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ठगी के मामलों में वांछित साहब राम मोटरसाइकिल से गोपालगंज की ओर से आने वाला है।पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार आरोपी को रुकने का इशारा किया गया तो उसने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
तमंचा, कारतूस और आभूषण बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा पीली धातु के एक जोड़ी कान के टॉप्स, मोती की माला सहित एक लॉकेट, 1,350 रुपये नकद, TECNO CAMON मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर UP50 CK 9939) भी बरामद हुई है।
बहन के साथ मिलकर ठगी करने की बात कबूली
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपनी बहन नीरज उर्फ गुड्डी के साथ मिलकर महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर ठगी करने की बात बताई। आरोपी के मुताबिक, दोनों कभी बाजार में महिलाओं को अपने झांसे में लेते थे तो कभी उनके घर जाकर खुद को रिश्तेदार बताकर विश्वास जीतते थे।पुलिस का कहना है कि आरोपी ने कप्तानगंज और कौड़िया बाजार की घटनाओं में मिले कुछ आभूषण एक अज्ञात फेरीवाले को सात हजार रुपये में बेचने की बात भी बताई। उसके कब्जे से बरामद 1,350 रुपये को उसने आभूषणों की बिक्री से प्राप्त रकम बताया। बरामद लॉकेट और कान के टॉप्स को भी पुलिस ने इन घटनाओं से संबंधित बताया है।
आजमगढ़ और गाजीपुर में नौ मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार, साहब राम के खिलाफ आजमगढ़ और गाजीपुर जनपद में पहले से नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, ठगी, मारपीट, धमकी और आबकारी अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं।मुठभेड़ और अवैध असलहे की बरामदगी के संबंध में कप्तानगंज थाने में मुकदमा संख्या 312/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 109(1), 352 और 351(3) तथा आयुध अधिनियम की धाराओं 3/25/27 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



