Jabalpur news:व्यापारी पिता पर जानलेवा हमला व लूट, न्याय न मिलने पर पीड़िता ने दी आत्महत्या की चेतावनी
Jabalpur News: A businessman's father was attacked and robbed, and the victim threatened suicide if justice was not served.

Jabalpur news:
सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड निवासी एक व्यापारी के साथ चाकू मारकर लूटपाट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद थाने पहुंची पीड़िता (व्यापारी की पुत्री) ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वह थाने या एसपी कार्यालय परिसर में आत्महत्या कर लेगी।
पीड़िता के अनुसार, उसके पिता एक व्यापारी हैं जो मुकादमगंज से कलेक्शन/पेमेंट लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने उन पर चाकू से हमला किया और रुपयों से भरा बैग लूटकर मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि आरोपी लंबे समय से उसका पीछा कर रहे थे, उसे ब्लैकमेल कर रहे थे और बात करने का दबाव बना रहे थे। पीड़िता का आरोप है कि वह इससे पहले भी छह से आठ बार थाने में शिकायत दर्ज कराने आ चुकी है और सीएम हेल्पलाइन (CM Helpline) पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बावजूद पुलिस ने अब तक आरोपियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और न ही उन्हें गिरफ्तार किया। महिला का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई करती, तो उसके पिता पर यह जानलेवा हमला नहीं होता।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी लगातार उसके रिश्तेदारों और परिजनों को फोन कर जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। आरोपियों का कहना है कि वे जेल जाने से पहले किसी न किसी की हत्या करके जाएंगे। सीएसपी सोनू कुर्मी ने बताया पीड़ित महिला की शिकायत पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया गया है और आरोपियों को को जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और अन्य तत्वों की जांच की जाएगी
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



