जबलपुर के सिद्ध गणेश मंदिर में फिर चोरी, दानपेटी से रुपये ले उड़े चोर
मंदिर में चार बार चोरी का आरोप, कोतवाली पुलिस की कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों ने उठाए सवाल
जबलपुर। शहर के सराफा बाजार नुनहाई स्थित सिद्ध गणेश मंदिर में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। चोर मंदिर की दानपेटी से रुपये चुराकर फरार हो गए, वहीं मंदिर के ऊपरी गेट का ताला भी टूटा मिला है। घटना के बाद क्षेत्रीय नागरिकों में आक्रोश है और उन्होंने कोतवाली थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मंदिर से जुड़े नरेश कुमार तिवारी और पंडित सिद्धांत दुबे का आरोप है कि मंदिर में पिछले एक साल के दौरान करीब चार बार चोरी हो चुकी है और कई बार ताला तोड़ने का प्रयास भी किया गया, लेकिन हर बार शिकायत देने के बावजूद कोतवाली पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई और न ही चोरों को पकड़ने में सफलता मिली है। सराफा बाजार जैसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में स्थित मंदिर में बार-बार चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी करने और मंदिर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद कार्रवाई नहीं होना चिंताजनक है और अब पुलिस को सख्त कदम उठाने चाहिए।
बाइट नरेश कुमार तिवारी
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



