जबलपुर में पुलिस आरक्षक पर 2 लाख रुपए मांगने का गंभीर आरोप, दुकान संचालक की बेटी पहुंची एसपी कार्यालय-सेटलमेंट और चालान में धारा कम करने के नाम पर वसूली का दावा
A police constable in Jabalpur is accused of demanding 2 lakh rupees. The shop owner's daughter reached the SP's office, claiming recovery in the name of settlement and reduction of charges in the challan.
जबलपुर के गोराबाजार थाना क्षेत्र में डी मार्ट के सामने स्थित सिकंदर चिकन शॉप में मारपीट के दौरान हुई मौत के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। मृतक मामले में दुकान संचालक सिकंदर की बेटी अधिवक्ता आशी खटीक ने गोराबाजार थाने में पदस्थ आरक्षक संतोष मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसपी कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज को शिकायत दी है। अधिवक्ता का आरोप है कि आरक्षक संतोष मिश्रा दुकान पर आकर मामले में सेटलमेंट कराने और चालान में धाराएं कम करने के नाम पर 2 लाख रुपए की मांग कर रहे हैं। रकम देने से इनकार करने पर दुकान में आकर गाली-गलौच करने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
वहीं, दुकान संचालक का बिल्डर अरुण गोयल से विवाद चल रहा है, जिसमें कोर्ट से स्टे मिलने की बात शिकायतकर्ता ने कही है। आरोप है कि आरक्षक संतोष मिश्रा बिल्डर अरुण गोयल को लेकर दुकान पहुंचे और दुकान खाली करने का दबाव बनाने लगे। इसी दौरान जब अधिवक्ता ने वीडियो बनाना शुरू किया तो दोनों मौके से चले गए। मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच सीएसपी गोराबाजार को सौंपते हुए उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
बाइट-आशी खटीक-शिकायतकर्ता
बाइट-मनीष भरद्वाज-एएसपी जबलपुर
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



