Azamgarh News:छठ महापर्व को लेकर लालगंज के प्रमुख घाटों का एसडीएम नेहा मिश्रा ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व सफाई के दिए सख्त निर्देश

लालगंज आजमगढ़
छठ महापर्व के दृष्टिगत उपजिलाधिकारी लालगंज नेहा मिश्रा द्वारा शुक्रवार को क्षेत्र के प्रमुख घाटों व पोखरों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान घाटों पर साफ-सफाई, चूना मार्किंग, आने-जाने के रास्ते, बैरिकेडिंग, लाइटिंग, गोताखोरों की व्यवस्था तथा पुलिस प्रशासन की ड्यूटी को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपजिलाधिकारी ने जिन स्थलों का निरीक्षण किया, उनमें हनुमान गढ़ी का घाट, खाकी बाबा राम जानकी मंदिर घाट मसीरपुर, घमरिया पार्क गोला बाजार तथा रतेश्वर महादेव मंदिर घाट रेतवा चंद्रभानपुर प्रमुख रहे।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम नेहा मिश्रा ने निर्देश दिया कि सभी घाटों पर समय से साफ-सफाई पूरी कर ली जाए, घाटों के किनारे चूना मार्किंग व बैरिकेडिंग की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। अंधेरे में श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो, इसके लिए पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था करने तथा गहरे पानी वाले स्थानों पर गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन को घाटों पर पर्याप्त ड्यूटी लगाने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर एसएचओ देवगांव, नगर पंचायत कटघर लालगंज के चेयरमैन प्रतिनिधि, नगर पंचायत का स्टाफ सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।



