आजमगढ़:संत रविदास की प्रतिमा रखने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, पुलिस ने संभाला मोर्चा
बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित करने पर पुलिस ने दी सख्त हिदायत, समझाने के बाद शांत हुआ मामला
गंभीरपुर/आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के खरहटी गांव स्थित बन्हवा पर रविवार की शाम करीब छह बजे संत रविदास जी की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद की सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष गंभीरपुर अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।जानकारी के अनुसार, खरहटी गांव में उर्मिला पत्नी सुरजन के घर के पास घूरगट्ठा की सार्वजनिक भूमि है, जिसे सामाजिक कार्यों के लिए छोड़ा गया है। रविवार की शाम गांव के ही हरिहर के पुत्र और कुछ अन्य लोग उक्त भूमि पर संत रविदास जी की प्रतिमा रखने लगे। इसका उर्मिला ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।उर्मिला का कहना है कि इस जमीन पर पहले भी कई बार प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया जा चुका है। बार-बार मना करने के बावजूद लोग अपनी मनमानी कर रहे हैं। रविवार को भी प्रतिमा रखे जाने का प्रयास किया जा रहा था, जिसका उन्होंने विरोध किया।सूचना पर पहुंचे प्रभारी थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने प्रतिमा स्थापित करने वाले पक्ष को सख्त हिदायत दी कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार की प्रतिमा स्थापित नहीं की जाएगी। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर विवाद समाप्त कराया।इस संबंध में सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर ने बताया कि संत रविदास जी की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।



