आजमगढ़:गलत साइड से आ रहे ट्रैक्टर ने कार में मारी टक्कर,भाजपा नेता समेत चार घायल
Azamgarh: Tractor coming from the wrong side hits car, four people including a BJP leader injured.

गंभीरपुर (आजमगढ़)। आजमगढ़-प्रयागराज मार्ग पर गंभीरपुर थाना क्षेत्र के कोनौली गांव के पास शनिवार की देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रयागराज से लौट रही एक कार में गलत दिशा से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार भाजपा नेता हरिवंश मिश्रा समेत चार लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कार भाजपा नेता मयंक गुप्ता चला रहे थे। कार में हरिवंश मिश्रा, मयंक गुप्ता, रतन गुप्ता समेत कुल चार लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार उछलकर डिवाइडर पार करते हुए सड़क की दूसरी तरफ जा पहुंची। गनीमत रही कि उस समय दूसरी लेन से कोई बड़ा वाहन नहीं आ रहा था, अन्यथा हादसा और गंभीर हो सकता था।दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही गंभीरपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और क्षतिग्रस्त कार को सड़क से किनारे कराया, जिससे यातायात सुचारु हो सके।घायल चारों लोगों को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलाया गया। उपचार के बाद सभी लोग अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में गलत दिशा से वाहन चलाने को लेकर लोगों में चर्चा रही।



