अखिलेश यादव और इकरा हसन मुझे हराने मालेगांव आए थे, अब मैं भी यूपी जाऊंगा: AIMIM विधायक मुफ्ती इस्माइल कासमी ने सपा को ललकारा
Akhilesh Yadav and Iqra Hasan came to Malegaon to defeat me, now I will also go to UP: AIMIM MLA Mufti Ismail Qasmi challenges SP
मुंबई/मालेगांव: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के विधायक मुफ्ती इस्माइल कासमी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के खिलाफ तीखे तेवर दिखाते हुए उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद इकरा हसन और पार्टी के अन्य बड़े नेता उन्हें हराने के लिए मालेगांव आ सकते हैं, तो उन्हें भी उत्तर प्रदेश जाकर चुनाव प्रचार करने का पूरा अधिकार है।मुफ्ती इस्माइल कासमी ने कहा कि मालेगांव चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी ने पूरी ताकत के साथ उनके खिलाफ प्रचार किया था। अखिलेश यादव खुद मालेगांव पहुंचे थे। उनके साथ अबू आजमी, इकरा हसन, मोहिबुल्लाह नदवी समेत कई सांसदों और नेताओं ने चुनावी सभाएं की थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नेताओं का मकसद उन्हें चुनाव में हराना था।
इकरा हसन दो बार आईं, घर के पास भी हुई सभा
कासमी ने कहा कि सांसद इकरा हसन दो बार मालेगांव आई थीं। मोहिबुल्लाह नदवी भी दो बार यहां पहुंचे थे। इतना ही नहीं, इकरा हसन ने उनके घर के पास ही मंच लगाकर सभा की थी। इसके बावजूद समाजवादी पार्टी को कामयाबी नहीं मिली।उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद सपा नेताओं ने कोर्ट का रुख किया और दुआ, आमीन कहने तथा मस्जिद में महिलाओं की सरबराही जैसे मुद्दों को राजनीतिक रंग दिया गया। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। कासमी का कहना है कि जब उनके खिलाफ दूसरे राज्यों से आकर प्रचार किया गया, तो अब उनका उत्तर प्रदेश जाना भी स्वाभाविक है।
इकरा हसन के भाई के सामने लगाएंगे मंच
मुफ्ती इस्माइल कासमी ने समाजवादी पार्टी को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि वह उत्तर प्रदेश जाकर इकरा हसन के भाई और उनके क्षेत्र में भी मंच लगाएंगे। हालांकि, उन्होंने अभी अपने दौरे और चुनाव प्रचार को लेकर अंतिम फैसला नहीं किया है, लेकिन अपनी मंशा स्पष्ट कर दी है।उन्होंने कहा कि अगर सपा के नेता मालेगांव आकर उनके खिलाफ चुनाव प्रचार कर सकते हैं, तो उन्हें भी उत्तर प्रदेश जाकर जनता के बीच अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है।
सपा नेताओं ने ओवैसी को यूपी आने से रोकने की बात कही थी
कासमी ने हाल ही में उत्तर प्रदेश दौरे का जिक्र करते हुए बताया कि वहां समाजवादी पार्टी के कई बड़े नेता उनसे मिले थे। उन नेताओं ने उनसे कहा था कि वे असदुद्दीन ओवैसी को उत्तर प्रदेश आने से रोकें।इस पर उन्होंने जवाब दिया कि ओवैसी साहब को रोकने की क्या जरूरत है, वह खुद भी उत्तर प्रदेश आने वाले हैं। उन्होंने सपा नेताओं से कहा था, “चुनाव का ऐलान होने दीजिए, मैं खुद आऊंगा।” कासमी के मुताबिक, इस पर सपा नेताओं ने हाथ जोड़कर उनसे उत्तर प्रदेश नहीं आने की गुजारिश की थी।
परिसीमन पर भी रखी अपनी बात
संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने और परिसीमन के मुद्दे पर भी मुफ्ती इस्माइल कासमी ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि परिसीमन हर 20 साल में एक बार होता है और इस संबंध में सरकार को जो जिम्मेदारी निभानी है, वह निभाएगी।उन्होंने कहा कि परिसीमन के मुद्दे पर जब उनसे बातचीत होगी, तब वह अपनी राय रखेंगे। इस विषय पर कोई भी अंतिम रुख अपनाने से पहले वह पार्टी के जिम्मेदार नेताओं, शहर के लोगों, राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिनिधियों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों के साथ विचार-विमर्श करेंगे।कासमी के इस बयान से उत्तर प्रदेश की सियासत में AIMIM और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। अब देखना होगा कि आगामी चुनावों में मुफ्ती इस्माइल कासमी वास्तव में उत्तर प्रदेश पहुंचकर सपा के खिलाफ चुनाव प्रचार करते हैं या नहीं।



