बलियावा गांव पहुंचे जिला अधिकारी और एसपी शोक संतप्त परिवार के जताई संवेदना।

रिपोर्ट विनय मिश्रा
देवरिया।
जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने आज बलियवा गांव में अग्निकांड में एक किसान की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके शोक संतप्त परिजनों के साथ संवेदना जतायी है। डीएम एवं एसपी ने पोस्टमार्टम हाउस जाकर दुर्घटना के विषय में जानकारी प्राप्त की और परिजनों को दुख की इस घड़ी में हर संभव सहयोग के लिए आश्वस्त किया।
इसके पश्चात जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्राम पंचायत गौरा खास में अग्निकांड से हुई फसल क्षति का जायजा लिया। डीएम ने अग्निकांड से हुई फसल क्षति का त्वरित सर्वे करने के लिए राजस्वकर्मियों को निर्देशित किया, जिससे अग्निकांड से प्रभावित किसानों को नियमानुसार समयबद्ध क्षतिपूर्ति दी जा सके।
जिलाधिकारी ने किसानों से अनुरोध किया कि भूसा बनाने वाली स्ट्रॉ-रिपर मशीन का प्रयोग तभी किया जाए जब यह सुनिश्चित हो जाये कि सभी निकटवर्ती खेतों में फसल की कटाई हो चुकी हो। स्ट्रॉ रिपर मशीन की चिंगारी से आग लगने की घटना देखी जा रही है। गेहूं कटाई में प्रयोग की जा रही कंबाइन मशीन के साथ फायर एक्सटिंग्शर अथवा पानी साथ रखे, जिससे आग लगने की दशा में प्रारंभिक स्तर पर ही नियंत्रित किया जा सके। खेतों के आसपास सुलगती हुई बीड़ी, सिगरेट अथवा माचिस की तिली को न फेंके। पछुआ हवा चलने की स्थिति में विशेष सतर्कता बरते। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार राय, सीओ सदर संजय रेड्डी सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।



