यूपी में तीसरे चरण के चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी, 1.89 करोड़ मतदाता डालेंगे वोट
Preparations for the third phase of polls in UP completed, 1.89 crore voters will cast their votes
लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में यूपी की दस सीटों पर मतदान सात मई को होने जा रहा है। इस चरण में 1,89,14,788 मतदाता वोट डालेंगे।
लखनऊ, 6 मई । लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में यूपी की दस सीटों पर मतदान सात मई को होने जा रहा है। इस चरण में 1,89,14,788 मतदाता वोट डालेंगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि इस चरण में संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव होने जा रहे हैं। यह लोकसभा क्षेत्र प्रदेश के 12 जिलों में स्थित हैं। मतदान स्थलों पर मतदाता शाम छह बजे तक वोट डाल सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि तृतीय चरण में कुल 1,89,14,788 मतदाता हैं, जिसमें 1,01,44,345 पुरुष, 87,69,696 महिला और 747 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। सबसे अधिक मतदाता आगरा में 20 लाख 72 हजार 685 तथा सबसे कम मतदाता एटा में 17 लाख 524 हैं। 10 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 100 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें 8 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। सबसे अधिक 13 प्रत्याशी बरेली तथा सबसे कम सात प्रत्याशी फिरोजाबाद लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में हैं।
उन्होंने बताया कि इस चरण में कुल 20,415 मतदेय स्थल (पोलिंग बूथ) तथा 12,339 मतदान केंद्र हैं। इन मतदेय स्थलों में से 4,390 क्रिटिकल हैं। मतदान के लिए 25,819 ईवीएम की कंट्रोल यूनिट, 25,819 बैलट यूनिट तथा 27,597 वीवीपैट तैयार किए गए हैं।

