रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की जद में आई महिला, मौत 

घर के लिए सामान ले जाते समय हुआ यह हादसा 

 

रिपोर्ट अशरफ संजरी

भदोही। चौरी थाना क्षेत्र के परसीपुर रेलवे स्टेशन से आधा किलोमीटर पश्चिम डीह कोईरान गांव के निकट गुरुवार की देर शाम रेलवे लाइन पार करते समय एक महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। जिसके चलते महिला की मौके पर ही मौत हो गई। उक्त घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मचा रहा।

क्षेत्र के समालकोट गांव निवासी अच्छे लाल सरोज की 48 वर्षीय पत्नी महादेवी सरोज शाम के समय घरेलू सामान लेने के लिए किराना की दुकान पर गई थी। देर शाम के समय वह सामान लेकर उक्त स्थान पर रेलवे ट्रैक को पार करने लगीं। इसी बीच वाराणसी से चलकर जोधपुर को जाने वाली अप 14865 मरुधर एक्सप्रेस ट्रेन दनदनाती हुई आ गई। जिसकी चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जिसकी सूचना ट्रेन के पायलट द्वारा भदोही रेलवे स्टेशन के अधीक्षक को दी गई। लेकिन तब तक इसकी जानकारी परिजनों को हो गई थी। वह रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे और शव लेकर घर चले गए। वहीं भदोही रेलवे स्टेशन के अधीक्षक ने घटना की जानकारी परसीपुर रेलवे स्टेशन के मास्टर को दिया। उनके द्वारा इसकी सूचना चौरी पुलिस को दी गई। सूचना के बाद जब पुलिस वहां पहुंची तो पता चला कि शव को परिजन उठाकर घर ले गए। पुलिस मृतका के घर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए रात 10 बजे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा रहा। मृतका को तीन पुत्र व दो पुत्रियां हैं। पति मेहनत मजदूरी कर परिवार का जीवीकोपार्जन करता है।

Related Articles

Back to top button