महिलाओं को स्वस्थ्य सामाजिक माहौल देना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता: प्रतिभा कुशवाहा
राज्य महिला आयोग की सदस्य ने गेस्ट हाउस के सभागार कक्ष में जागरूकता चौपाल एवं महिला जनसुनवाई का किया आयोजन
रिपोर्ट अशरफ संजरी
भदोही। राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा द्वारा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं महिलाओं से संबंधित योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाए जाने तथा महिला उत्पीड़न की रोकथाम व महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाए जाने के उद्देश्य से बुधवार को भदोही पहुंची। उन्होंने गेस्ट हाउस के सभागार कक्ष में जागरूकता चौपाल एवं महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
इस दौरान श्रीमती कुशवाहा ने कहा कि युवा देश का भविष्य है। वर्तमान में हम सभी को मिलकर महिलाओं और बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयास करना है। राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं को धरातल स्तर पर पहुंचाने एवं विकास की धारा से पिछड़े हुए लोगों को उंगली पकड़कर विकास पथ पर लाने के लिए समस्त विभागीय अधिकारियों को उन्होंने निर्देशित किया। साथ ही कहा कि हमें समस्त पात्रों को रोजगार प्रशिक्षण, ई-श्रम कार्ड, स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आदि दिए जाने पर विशेष बल देना चाहिए। महिलाओं से संबंधित समस्त योजनाओं यथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, बाल विवाह, निराश्रित, वृद्धा एवं विकलांग पेंशन, रानी लक्ष्मीबाई एवं बाल सम्मान कोश की गहन समीक्षा की गई एवं समस्त विभागीय अधिकारियों को समस्त योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निर्देशित किया गया।
एएसपी डॉ.तेजवीर सिंह द्वारा पुलिस विभाग में संचालित महिला बीटों, हलकों इत्यादि के विषय मे विस्तार से बताया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी शत्रुघ्न कन्नौजिया ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। सीडीओ ने सर्व प्रथम उनको पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
इस मौके पर समाज कल्याण अधिकारी मीना श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष ज्ञानपुर, ऊॅज, भदोही, सुरियावां, चौरी एवं महिला थाना, बाल विकास परियोजना अधिकारी, संरक्षण अधिकारी, वन स्टॉप सेन्टर मैनेजर, जिला समन्वयक, जिला प्रोबेशन कार्यालय से राजकुमार गुप्ता, विवेक गुप्ता, गोपाल कृष्ण यादव, आदि उपस्थित रहे।