70 प्लस के 4 बुजुर्गों में डीएम ने वितरित किया आयुष्मान कार्ड

योजना का विस्तार करते हुए अब 70 वर्ष की आयु पूर्ण कर लेने वाले सभी बुजुर्गों का बनेगा आयुष्मान कार्ड

 

रिपोर्ट अशरफ संजरी

भदोही। केंद्र सरकार ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना चलाई है। योजना के तहत लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज की सुविधा दी गई है। केंद्र सरकार ने योजना का विस्तार करते हुए अब 70 वर्ष की आयु पूर्ण कर लेने वाले बुजुर्गों का भी आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की घोषणा की है। सोमवार को कलेक्ट्रेट में डीएम विशाल सिंह ने 70 प्लस के 4 बुजुर्गों में आयुष्मान कार्ड वितरित किया।

इस दौरान डीएम ने 70 प्लस के 4 बुजुर्गों उमाशंकर तिवारी, दूधनाथ पाल, कृष्णानंद दुबे व राधेश्याम जायसवाल को आयुष्मान कार्ड वितरित किया। उन्होंने कहा कि यह भारत सरकार की एक प्रमुख योजना है। सरकार ने पारिवारिक आधार पर 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति के बावजूद कवर करने के लिए एबी पीएम-जेएवाई के विस्तार को मंजूरी दी। आयुष्मान कार्ड नोडल एवं एसीएमओ डॉ.रामपाल ने बताया कि बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योजना में 70 वर्ष के ऊपर के बुजुर्गों को भी शामिल करने की घोषणा की थी। जिसके बाद आयुष्मान एप में 70 वर्ष आयु के ऊपर के बुजुर्गों का कार्ड बनाएं जाने का लिंक प्रदर्शित होने लगा है। जिन लोगों की आयु आधार कार्ड में 70 वर्ष पूर्ण हो गई है। वह लोग स्वयं अपने स्मार्ट फोन में आयुष्मान एप डाउनलोड कर कार्ड बना सकते है। वहीं जिनके पास स्मार्ट फोन नहीं है। वह आशा कार्यकर्ता व जिला अस्पताल में आयुष्मान मित्र से संपर्क कर कार्ड बनवा सकेंगे।

इस मौके पर योजना के जिला समन्वयक मनीष कुमार, डीईओ डॉ.पंकज कुमार व आयुष्मान कार्ड प्रभारी आशीष श्रीवास्तव आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहें।

Related Articles

Back to top button