जबलपुर में जमीनी विवाद को लेकर भाजपा नेता का मारपीट का वीडियो वायरल,पुलिस ने भाजपा नेता पर दर्ज किया केस

Video of BJP leader assaulted over land dispute in Jabalpur goes viral, police registers case against BJP leader

जबलपुर में भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में वह परिवार वालों के साथ मिलकर एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित व्यक्ति अनिल कुमार झारिया ने इस घटनाक्रम को लेकर नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत की है। बताया जा रहा है कि त्रिपुरी वार्ड में शासकीय जमीन को लेकर रविवार को भाजपा बूथ अध्यक्ष अमित द्विवेदी और अनिल कुमार झारिया के बीच विवाद हुआ था। जानकारी मिलते ही स्थानीय पार्षद सुनील पुरी गोस्वामी मौके पर पहुंचे और विवाद को शांत करवाया। पार्षद ने तिलवारा थाना पुलिस को भी सूचना देकर मौके पर बुलाया, जिसके बाद हंगामा शांत हो गया था। सोमवार को त्रिपुरी वार्ड में रहने वाले द्विवेदी और झारिया परिवार फिर भिड़ गए।

घटना शाहनाला के पास की है। यहां अनिल कुमार अपने घर के पास निर्माण करा रहे हैं। इस स्थान को भाजपा नेता अपना बता रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में जमकर विवाद हुआ।गाली-गलौज के बाद हालात ऐसे बन गए कि अनिल और अमित एक दूसरे से भिड़ गए और फिर दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई। कुछ ही देर बाद अमित द्विवेदी के परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए और उसके बाद सरेराह अनिल कुमार के साथ मारपीट की गई।पीढ़ित अनिल कुमार ने आरोप लगाया कि जिस जमीन पर हम 30 साल से रह रहे हैं, उस जमीन पर अमित द्विवेदी कब्जा करना चाहता है। वहां पर प्लाट काटकर बेचना चाहता है।गढ़ा CSP देवेंद्र प्रताप सिंह ने पूरे मामले में जानकारी देते हुए बताया है कि मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद अनिल कुमार झारिया के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है और महिला सहित तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है जल्दी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा

जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button