स्वतंत्रता संग्राम के वीर राजा राव बख्श सिंह को समर्पित स्मारक का उद्घाटन जल्द
A memorial dedicated to freedom struggle hero Rao Bakhsh Singh will be inaugurated
हिंद एकता टाईम्स भिवंडी
रवि तिवारी
भिवंडी -भिवंडी आशोक नगर में ऐतिहासिक “राव चौक” का निर्माण पूरा हो गया है,जो १८५७ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक राजा राव बख्श सिंह की स्मृति और बलिदान को समर्पित है। यह चौक महाराष्ट्र सरकार और स्थानीय प्रशासन के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। राजा राव बख्श सिंह ने १८५७ की क्रांति के दौरान अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ विद्रोह किया और स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनकी वीरता और बलिदान को सम्मानित करने के लिए “राव चौक” का निर्माण किया गया है, जो आधुनिक और ऐतिहासिक कला का बेजोड़ संगम है।
चौक का मुख्य आकर्षण एक भव्य स्मारक है, जो राजा राव बख्श सिंह के साहस और पराक्रम की कहानी कहता है। इसमें धातु से बनी गोलाकार पृथ्वी आकृति और शालिवाहन शौर्य प्रतीक जैसी विशेषताएं हैं, जो भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली गाथा को जीवंत करती है। इस परियोजना को मूर्ण रूप देने में १२ वर्षों की कड़ी मेहनत लगी। विनोद त्रिपाठी ने बताया कि उनके दादा पंडित भलभद्र राम, जो राजा राव के साथी थे, उसे प्रेरणा लेते हुए उन्होंने इस चौक का निर्माण करने का संकल्प लिया था। उनके नेतृत्व में १३ सदस्यों की शालिवाहन सेवाभावी संस्था ने इस प्रयास को सफल बनाया। भिवंडी के नागरिक इस ऐतिहासिक स्थल के उद्घाटन को लेकर उत्साहित हैं। उनका मानना है कि यह चौक न केवल उनके इतिहास से जोड़ने का माध्यम बनेगा, बल्कि नई पीढ़ी को देशभक्ति और साहस की प्रेरणा देगा। “राव चौक” न केवल भिवंडी का गौरव होगा, बल्कि यह स्वतंत्रता संग्राम के नायकों को सम्मानित करने और उनकी स्मृति को जीवंत रखने का एक आदर्श उदाहरण बनेगा।इसका उद्घाटन समारोह जल्द ही आयोजित किया जाएगा, जो भिवंडी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण होगा।