भिवंडी में पानी माफिया के चोरी का भंडाफोड़
Bhiwandi mein water mafia

हिंद एकता टाइम्स भिवंडी
रवि तिवारी
भिवंडी – भिवंडी-निजामपुर शहर महानगर पालिका के जल आपूर्ति विभाग ने पानी चोरी और नगर पालिका की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बार फिर शांति नगर के कुख्यात प्लंबर इमरान शेख पर शिकंजा कसा है। भरारी पथक के प्रमुख विराज भोईर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के तहत प्लांबर इमरान शेख के खिलाफ शांतिनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है।
आरोप है कि प्लांबर इमरान ने नगर पालिका की मुख्य जलवाहिनी में अवैध रूप से छेद कर एक आधे इंच का नल कनेक्शन जोड़ा, जिससे न केवल ३,२०० रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ, बल्कि ५,००० रुपये मूल्य का पानी भी चोरी किया गया।भिवंडी महानगर पालिका के अभियंता संदीप पटनावर के नेतृत्व में भरारी पथक ने जल चोरी पर नकेल कसने का अभियान तेज कर दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जल संसाधनों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।यह पहली बार नहीं है जब इमरान शेख पर इस तरह के आरोप लगे हैं। उससे पहले भी अवैध नल कनेक्शन और जल चोरी के कई मामले दर्ज हो चुके हैं। बावजूद इसके, इमरान शेख के कारनामे रुकने का नाम नहीं ले रहे। इस बार इमरान शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा ३२४(४), ३२६(क) और ३०३(२) के तहत मामला दर्ज किया गया है। नगर पालिका के अभियंता संदीप पटनावर ने बताया, “पानी चोरी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भरारी पथक हर इलाके में सक्रिय है, और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।” शहर में जल संकट गंभीर होता जा रहा है। ऐसे में इस तरह की चोरी न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि समाज के प्रति गैर-जिम्मेदाराना रवैया भी है। नगर पालिका के इस अभियान से उम्मीद की जा रही है कि जल चोरी की घटनाओं पर रोक लगेगी और लोगों में कानून का डर पैदा होगा।


