आजाद स्पोर्ट्स क्लब ने जंघई, भदोही ने बलिया को 7 विकेट से हराया

आजाद स्पोर्ट्स क्लब व भदोही की टीम ने किया अगले चक्र में प्रवेश 

 

रिपोर्ट अशरफ संजरी

भदोही। तेजधर ब्रह्मबाबा खेल समिति सुरियावां द्वारा आयोजित महर्षि आजाद स्टेडियम मेढ़ी में महर्षि आजाद राज्यस्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के चौथे दिन बुधवार को दो मैच खेले गए प्रतियोगिता का पहला मुकाबला बलिया व भदोही के बीच व दूसरा मैच आजाद स्पोर्ट्स क्लब सीनियर व जंघई के बीच खेला गया। जिसमे भदोही ने बलिया व आजाद स्पोर्ट्स क्लब सीनियर ने जंघई को हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया।

इस दौरान जंघई के कैप्टन सत्या पांडेय ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए जंघई की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों के मैच में 19वें ओवर में सभी विकेट खोकर 115 रन बनाए। जिसमे सबसे ज्यादा अखिलेश तिवारी ने 34 रन बनाए। प्रदीप सिंह ने 29 व मो.अफजल ने 20 रनों का योगदान किया। आजाद स्पोर्ट्स क्लब की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए अवनीश मिश्रा ने 5 विकेट चटकाए। अजीत यादव ने दो विकेट लिया। प्रियांशु व जितेंद्र को एक-एक सफलता हाथ लगी। 116 रनों के जवाब में खेलने उतरी आजाद स्पोर्ट्स क्लब के बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 12 वें ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। जिसमे आजाद स्पोर्ट्स क्लब की ओर से सबसे ज्यादा आदर्श त्रिपाठी ने 38 रन बनाए। शिवांश ने 35 व अवनीश मिश्र ने 34 रनों का योगदान किया। जंघई की ओर से गेंदबाजी करते हुए विनोद सिंह ने दो विकेट प्राप्त किया। सत्या पांडेय को एक सफलता मिली। आजाद स्पोर्ट्स क्लब की सीनियर टीम ने जंघई को सात विकेट से मात देकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया। प्रतियोगिता के दूसरे मैच में भदोही स्टेडियम की टीम ने बलिया को सात विकेट से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया। मैच के दौरान पूरा स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा है चौके, छक्के व विकेट पर दर्शकों ने तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। गुरुवार को प्रतियोगिता का पहला मैच बिहार बनाम भदोही स्टेडियम व दूसरा मैच संतकबीरनगर बनाम प्रयागराज के बीच खेला जाएगा।

इस मौके पर समिति के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, सचिव अमर बहादुर सिंह, राजमणि पांडेय, राजकुमार सरोज, दिनेश यादव, जेपी सिंह, रमाकांत मिश्रा, राहुल, प्रमेंद्र गौतम व शिवधनी यादव आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहें।

Related Articles

Back to top button