तृणमूल सांसद सौगत रॉय ने आप की हार को बताया दुखद, बोले – 'बंगाल में नहीं पड़ेगा असर'

[ad_1]

बैरकपुर (पश्चिम बंगाल), 9 फरवरी (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस सांसद सौगत रॉय ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की हार को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने आप का समर्थन किया था, लेकिन जनता ने उनके खिलाफ मतदान किया। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस हार का पश्चिम बंगाल की राजनीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

सौगत रॉय ने कहा, “आम आदमी पार्टी की हार दुखद है। हमने उनका समर्थन किया था, लेकिन जनता उनके खिलाफ चली गई। हालांकि, इसका पश्चिम बंगाल में कोई प्रभाव नहीं होगा। हम राज्य में बहुमत के साथ जीत हासिल करेंगे।”

आप की हार के कारणों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे थे, जिन पर जनता ने विश्वास किया और इसी वजह से उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।

पश्चिम बंगाल में आगामी चुनावों को लेकर तृणमूल आत्मविश्वास से लबालब दिख रही है। सौगत रॉय ने कहा कि उनकी पार्टी को जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है और वह पश्चिम बंगाल में बहुमत से जीतने के लिए तैयार हैं।

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने दिल्ली में 27 साल बाद स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों में से उन्होंने 48 जीती हैं, जबकि आम आदमी पार्टी को 22 सीटें मिली हैं। लगातार तीसरी बार कांग्रेस का खाता नहीं खुला है।

इससे पहले भाजपा ने 1993 में 49 सीट जीतकर दो तिहाई बहुमत हासिल किया था, जिसके बाद मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज मुख्यमंत्री बनीं। साल 1998 के बाद, कांग्रेस ने 15 साल तक शासन किया और 2013 से आम आदमी पार्टी की सरकार थी।

इस चुनाव में भाजपा ने 71 फीसदी स्ट्राइक रेट के साथ 40 सीटें जोड़ी हैं। पार्टी ने 68 सीटों पर चुनाव लड़ा था। दूसरी तरफ, आम आदमी पार्टी को 40 सीटों का नुकसान हुआ, और उनका स्ट्राइक रेट 31 फीसदी रहा।

भाजपा ने पिछले चुनाव (2020) के मुकाबले अपने वोट शेयर में सात फीसदी से अधिक की वृद्धि की है, जबकि आप का वोट शेयर लगभग 10 फीसदी घटा है। कांग्रेस को कोई सीट नहीं मिली, लेकिन उन्होंने अपने वोट शेयर में दो फीसदी की वृद्धि की है।

–आईएएनएस

पीएसएएम/एकेजे

[ad_2]

Disclaimer : ऑटो फ़ीड्स द्वारा यह न्यूज़/समाचार स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। hindektatimes.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन इस न्यूज़/समाचार में नहीं किया गया है। इस न्यूज़/समाचार की एवं इसमें उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की हैद्य न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
इनपुट. आईएएनएस के साथ

Related Articles

Back to top button