रांची शहर में स्कॉर्पियो ने खड़े ट्रक में मारी टक्कर, तीन युवकों की मौत, तीन घायल

[ad_1]

रांची, 11 मार्च (आईएएनएस)। रांची शहर के कोकर में मंगलवार तड़के तीन बजे एक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए रिम्स में दाखिल कराया गया है।

सभी युवक जमशेदपुर से रांची एक वैवाहिक समारोह में भाग लेने आए थे और इसके बाद स्कॉर्पियो से लौट रहे थे। कोकर में रामलखन सिंह यादव कॉलेज के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े।

सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्कॉर्पियो में फंसे सभी छह लोगों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर रिम्स ले जाया गया। डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान अग्नि बेसरा, सुजीत सिंकू और पृथ्वी सहदेव के रूप में हुई है। इनमें एक अग्नि बेसरा सरायकेला निवासी भाजपा नेता बास्को बेसरा का पुत्र था। वह रांची स्थित एक्सआईएसएस (जेवियर इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल सर्विस) में एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। उसके छोटे भाई अनमोल बेसरा की भी 4 अगस्त 2023 को एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी।

युवकों की मौत की खबर पाकर उनके परिजन जमशेदपुर से रांची पहुंचे हैं। मृतकों के शवों का रिम्स में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घायलों की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। सड़क सुरक्षा विभाग की हाल में आई रिपोर्ट के मुताबिक, रांची जिले में सड़क हादसों में हर महीने 25 से 30 लोगों की जान जा रही है। वर्ष 2024 में यहां सड़क हादसों में कुल 485 लोगों ने जान गंवाई थी, जबकि इसके पहले वर्ष 2023 में 458 लोगों की मौत हुई थी। 2024 में सड़क हादसों में 352 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जबकि वर्ष 2023 में ऐसे लोगों की संख्या 406 थी।

–आईएएनएस

एसएनसी/एएस

[ad_2]

Disclaimer : ऑटो फ़ीड्स द्वारा यह न्यूज़/समाचार स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। hindektatimes.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन इस न्यूज़/समाचार में नहीं किया गया है। इस न्यूज़/समाचार की एवं इसमें उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की हैद्य न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
इनपुट. आईएएनएस के साथ

Related Articles

Back to top button